यूक्रेन ने रूस को हजारों किलोमीटर दूर लीबिया में बड़ा झटका देने का दावा किया है। राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के मुताबिक, यूक्रेनी सेना ने लीबिया के बेनगाजी नौसैनिक अड्डे पर खड़े रूसी युद्धपोत पर समुद्री ड्रोन से हमला किया। इस ऑपरेशन में सात स्वदेशी समुद्री ड्रोन इस्तेमाल किए गए। जेलेंस्की का दावा है कि हमले में रूस का आधुनिक युद्धपोत डूब गया। हालांकि, लीबिया के अधिकारियों के मुताबिक जहाज को भारी नुकसान पहुंचा है। रूस ने अभी तक इस हमले पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
2,400 किलोमीटर दूर जाकर किया हमला
यूक्रेन का यह हमला उसके मोर्चे से करीब 2,400 किलोमीटर दूर किया गया। जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि ऑपरेशन के सभी तय लक्ष्य हासिल कर लिए गए हैं। उन्होंने इसे बेहद सफल कार्रवाई बताया। यूक्रेन का कहना है कि वह रूस के खिलाफ अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है और समुद्री इलाकों में भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है।
रूस के आधुनिक युद्धपोत को बनाया निशाना
यूक्रेन की सुरक्षा एजेंसी एसबीयू के मुताबिक, हमले में रूसी नौसेना के कार्वेट युद्धपोत 'मर्करी' को निशाना बनाया गया। यह जहाज रूसी नौसैनिक काफिलों की सुरक्षा और निगरानी करता था। हमले के वक्त इस पर एक केए-27 सैन्य हेलीकॉप्टर भी मौजूद था, जिसके नष्ट होने का दावा किया गया है। एसबीयू के अनुसार, ड्रोन एक मदर शिप से लॉन्च किए गए थे। रूस की तरफ से उन्हें रोकने की कोशिश हुई, लेकिन यूक्रेनी ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंच गए।
दो ड्रोन सीधे जहाज से टकराए
लीबिया के अधिकारियों के मुताबिक, हमले के दौरान कम से कम चार समुद्री ड्रोन को रोक लिया गया, जबकि दो ड्रोन युद्धपोत से टकराए। इस हमले में कम से कम 10 लोग घायल हुए, जिनमें रूसी और लीबियाई नागरिक शामिल हैं। ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा कंपनी एम्ब्रे का कहना है कि जहाज में रखे गोला-बारूद में विस्फोट होने से भी धमाके हुए हो सकते हैं। हमले के कुछ घंटे बाद बेनगाजी के पास माल्टा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज पर भी समुद्री ड्रोन से हमला हुआ।
लीबिया में पहले से मौजूद हैं यूक्रेनी विशेषज्ञ
रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन के ड्रोन विशेषज्ञ पश्चिमी लीबिया में पहले से सक्रिय हैं। बताया जाता है कि वे मिसराता के एयरबेस और त्रिपोली समेत कई सैन्य ठिकानों पर काम कर रहे हैं। मार्च में भी यूक्रेन ने भूमध्य सागर में एक रूसी टैंकर को निशाना बनाया था। लीबिया के पूर्वी हिस्से की सरकार ने अब संयुक्त राष्ट्र से इस हमले की अंतरराष्ट्रीय जांच कराने की मांग की है।
ये भी पढ़ें: भारत-अमेरिका की दोस्ती ने पकड़ी रफ्तार: अब भारतीय जमीन पर बनेंगी मिसाइलें, अमेरिकी युद्धपोतों की होगी मरम्मत
रूस के अंदर भी जारी हैं यूक्रेनी हमले
जेलेंस्की ने बताया कि यूक्रेन सिर्फ समुद्र में ही नहीं, बल्कि रूस के अंदर भी हमले कर रहा है। पश्चिमी साइबेरिया तक रूसी तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाया गया है। सोमवार को रोस्तोव क्षेत्र की एक रिफाइनरी पर ड्रोन और मिसाइल हमले के बाद काम रोकना पड़ा। दूसरी तरफ रूस भी यूक्रेन पर लगातार हमले कर रहा है। कीव के पास एक रिहायशी इमारत पर रूसी हमले में 11 लोगों की मौत हो गई। जापोरिज्जिया में अस्पताल पर हमले में तीन और क्रामाटोर्स्क में निकासी वाहन पर हमले में दो लोगों की जान चली गई।