न्यूयॉर्क सिटी के मेयर चुनाव में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट जोहरान ममदानी के खिलाफ ट्रंप ने अपनी पार्टी का खूब प्रचार-प्रसार किया। इतना ही नहीं, दोनों नेताओं यानी ट्रंप और ममदानी के बीच जुबानी जंग भी देखने को मिली। हालांकि ट्रंप की पावर और उनके बयान उनके प्रत्याशी को जिता नहीं सके और ममदानी ने यहां से बंपर जीत दर्ज कर ली।
इस जीत से जितना दुख हारने वाले प्रत्याशियों को नहीं हो रहा, उससे कहीं ज्यादा दुख तो ट्रंप को हो रहा है। फिलहाल ममदानी की जीत के बाद ट्रंप को अपनी हार तो माननी पड़ी। इसके बाद ट्रंप ने अपने प्रत्याशी की हार के दो कारण बताए है। ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि रिपब्लिकन की हार की दो वजहें हैं। एक बैलट पर उनका नाम न होना और दूसरी सरकारी शटडाउन।
शटडाउन बना हार का कारण
ट्रंप की हार के कारण वाली जानकारी उन्हें किस सर्वे एजेंसी से मिली उन्होंने यह नही बताया। बता दें, अमेरिका में शटडाउन 36वें दिन में प्रवेश कर चुका है। जो अब तक का सबसे लंबा सरकारी ठपकाल है। ऐसे में इस बात को माना जा सकता है कि ट्रंप के प्रत्याशी की हार की वजह ये हो सकती है।
ये भी पढ़ें- ममदानी की जीत ने फिर जिंदा कर दी वामपंथ बनाम दक्षिणपंथ की बहस; ओबामा बोले- रोशन दिख रहा भविष्य
ममदानी ने किसे चुनाव में हराया
डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी में बड़ा उलटफेर करते हुए रिपब्लिकन उम्मीदवार कर्टिस स्लिवा और पूर्व गवर्नर एंड्रयू क्यूमो को हराया। ममदानी भारतीय मूल की फिल्मकार मीरा नायर और युगांडा मूल के लेखक महमूद ममदानी के बेटे हैं। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि यह जीत अत्याचार और बड़े पैसों की राजनीति के खिलाफ उम्मीद की जीत है।
जीत के बाद ट्रंप पर ममदानी का पलटवार
ममदानी ने शानदार जीत दर्ज करने के बाद अपने संबोधन में कहा कि अगर कोई शहर ट्रंप को हराने का रास्ता दिखा सकता है, तो वह वही शहर है जिसने उन्हें जन्म दिया। उन्होंने कहा कि उनकी जीत उन ताकतों के खिलाफ संदेश है जो लोकतंत्र को कमजोर करती हैं। ममदानी ने ट्रंप पर निशाना साधते हुए कहा कि यह केवल ट्रंप को रोकने का तरीका नहीं, बल्कि अगली तानाशाही को रोकने का रास्ता है।
चुनावी परिणाम हमारे लिए सबक- ट्रंप
चुनाव परिणामों के बाद ट्रंप ने कहा कि यह रिपब्लिकन के लिए सबक है। उन्होंने पार्टी नेताओं से बंद कमरे में बैठक बुलाकर चर्चा की। उन्होंने दोहराया कि शटडाउन और उनकी गैरमौजूदगी से नुकसान हुआ। साथ ही, उन्होंने वोटर रिफॉर्म, वोटर आईडी और मेल-इन बैलेट खत्म करने की मांग की। चुनाव पूर्व ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ममदानी जीते तो न्यूयॉर्क सामाजिक और आर्थिक तबाही में बदल जाएगा।