डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से ताल ठोकने को तैयार डोनाल्ड ट्रंप ने एक चौंकाने वाले बयान में कहा है कि वे प्रतिनिधि सभा के स्पीकर का पद संभालने को तैयार हैं। ट्रंप का बयान ऐसे समय में आया है जब केविन मैक्कार्थी को पहली बार वोटिंग के प्रोसेस के बाद पद से हटाया गया।
पद स्वीकार करने के पीछे ट्रंप की मंशा
दरअसल, अमेरिकी संसद की प्रतिनिधि सभा में केविन मैक्कार्थी को हटाने के लिए मतदान कराया गया। केवल 269 दिनों तक पद पर रहने के बाद हटाए गए मैक्कार्थी के बाद अगला स्पीकर कौन बनेगा, इस पर कयास लगाए जा रहे हैं। इसी बीच ट्रंप ने अमेरिका की फॉक्स न्यूज के एक सवाल पर कहा, जरूरत पड़ने पर वे स्पीकर का पदभार संभालने को तैयार हैं।
जनवरी में चुने गए मैक्कार्थी, सिर्फ 9 महीने में विदाई
बता दें कि मंगलवार को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा से किसी अध्यक्ष को पद से हटाने के लिए पहली बार वोटिंग कराई गई। मतदान के बाद कैलिफोर्निया के रिपब्लिकन सीनेटर केविन मैक्कार्थी को हटाया गया। मैकहेनरी उनकी जगह प्रो-टेम अध्यक्ष चुने गए हैं। मैक्कार्थी का कार्यकाल 7 जनवरी, 2023 को शुरू हुआ था, जो किसी भी स्पीकर का दूसरा सबसे छोटा कार्यकाल है।
राष्ट्रपति चुनाव से पहले ट्रंप यूएस हाउस स्पीकर बनेंगे?
ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति चुनाव 2024 में ताल ठोकने की तैयारी कर रहे ट्रंप स्पीकर का पद क्यों संभालेंगे? इस सवाल पर उन्होंने कहा, वह रिपब्लिकन पार्टी को "एकजुट करने का प्रयास" करने के मकसद से प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष के रूप में अस्थायी पद स्वीकार करेंगे।
अमेरिकी कांग्रेस में ट्रंप के कई दोस्त
फॉक्स न्यूज डिजिटल के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में ट्रंप ने कहा, अमेरिकी कांग्रेस में उनके कई दोस्त हैं, इसलिए उन्हें 'अस्थायी रूप से' स्पीकर का भूमिका निभाने में कोई आपत्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा, रिपब्लिकन सीनेटरों को एकजुट रखने का प्रयास करना है। अगर उनका स्पीकर बनना अनिवार्य है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।
ट्रंप स्पीकर बनने को राजी हैं!
ट्रंप ने साफ किया, ऐसा नहीं है कि वे स्पीकर बनना चाहते हैं, इसलिए पद संभालने को सहमत हैं। उन्होंने कहा, अगर अंतिम निष्कर्ष निकालने में परेशानी हो रही है तो, ऐसी सूरत में वे स्पीकर का पदभार संभालने पर विचार करेंगे। ट्रंप के अनुसार, आम सहमति नहीं बनने और यूएस कांग्रेस के स्थायी स्पीकर का चुनाव होने तक वे पदभार संभाल सकते हैं।
स्पीकर के पद पर दो और उम्मीदवारों का दावा
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में मेजॉरिटी व्हिप का पद संभाल रहे स्टीव स्कैलिस ने भी स्पीकर बनने में रुचि दिखाई है। स्टीव लुइसियाना वन से निर्वाचित रिपब्लिकन सीनेटर हैं। उनके अलावा हाउस ज्यूडिशियरी कमेटी के अध्यक्ष जिम जॉर्डन ने भी उम्मीदवारी का एलान किया है। जॉर्डन ओहियो से निर्वाचित रिपब्लिकन सीनेटर हैं।
ट्रंप के स्पीकर बनने की समयसीमा
फिलहाल, प्रो-टेम स्पीकर का पदभार संभाल रहे मैकहेनरी ने पूर्व स्पीकर नैंसी पेलोसी को कैपिटल बिल्डिंग का ऑफिस खाली करने का नोटिस भेज दिया। अब ट्रंप के बयान और रिपब्लिकन सीनेटर्स की दावेदारी देखते हुए कहा जा सकता है कि मैक्कार्थी को हटाए जाने के बाद से अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में स्पीकर पद हथियाने की होड़ मची है। हालांकि, ट्रंप ने जोर देकर कहा है कि वह केवल 30, 60, या 90-दिन की अवधि के लिए स्पीकर का पद संभालेंगे।