अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को वर्जीनिया के क्वांटिको मरीन कॉर्प्स बेस पर अचानक बुलाए गए बैठक को संबोधित करेंगे। इसमें 800 से अधिक जनरल और एडमिरल शामिल होंगे। रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने यह बैठक अचानक से आयोजित की है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मंगलवार को क्वांटिको, वर्जीनिया स्थित मरीन कॉर्प्स बेस पर आयोजित एक आकस्मिक बैठक को संबोधित करेंगे। इस बैठक में देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी शामिल होंगे, जिनमें एक स्टार रैंक के या उससे ऊपर के कई सौ जनरल और एडमिरल तथा उनके वरिष्ठ सलाहकार मौजूद रहेंगे। बता दें कि इस बैठक को अचानक से बुलाया गया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अचानक इस बैठक का आयोजन किया है।
विज्ञापन
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने मीडिया रिपोर्ट के हवाले से बताया कि इस बात की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने बताया कि राष्ट्रपति के इस कार्यक्रम के बारे में सार्वजनिक घोषणा से पहले इसकी जानकारी साझा नहीं की गई है, इसलिए वे अनाम रहने को मजबूर हैं। जब इस बैठक की जानकारी गुरुवार को मीडिया में आई, तब ट्रंप खुद भी इसके बारे में अवगत नहीं थे।
पेंटागन के प्रवक्ता ने की पुष्टि
मामले में पेंटागन के वरिष्ठ प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि हेगसेथ अगली सप्ताह की शुरुआत में अपने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को संबोधित करेंगे। अमेरिकी सेना में कुल मिलाकर 800 से अधिक जनरल और एडमिरल हैं, जो दुनिया के कई देशों और समय क्षेत्रों में हजारों सैनिकों का नेतृत्व करते हैं। गौरतलब है कि इस महत्वपूर्ण बैठक का मकसद सैन्य रणनीतियों और हालात पर चर्चा करना बताया जा रहा है, जबकि इसे लेकर अभी और जानकारी का इंतजार है।