अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल से ब्याज दरें घटाने की मांग की थी, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद से पॉवेल ट्रंप के निशाने पर थे। ट्रंप पॉवेल को हटाना चाहते थे, लेकिन बुधवार को ट्रंप ने कहा कि पॉवेल को बर्खास्त करना बहुत मुश्किल है। ट्रंप के इस बयान के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में भी उतार-चढ़ाव देखा गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि फेडरल रिजर्व अध्यक्ष जेरोम पॉवेल को बर्खास्त करना बहुत मुश्किल है। यह सार्वजनिक बयान उन्होंने उस निजी बैठक के 24 घंटे से भी कम समय बाद दिया, जिसमें उन्होंने केंद्रीय बैंक के प्रमुख पॉवेल को हटाने का विचार जाहिर किया था।
विज्ञापन
ट्रंप ने पुष्टि की कि मंगलवार रात व्हाइट हाउस में लगभग एक दर्जन रिपब्लिकन सांसदों के साथ बैठक में उन्होंने पॉवेल को बर्खास्त करने की अवधारणा पर चर्चा की थी। फेड अध्यक्ष लंबे समय से ट्रंप के निशाने पर थे, क्योंकि उन्होंने ट्रंप की मांग पर ब्याज दरें घटाने से इनकार कर दिया था। क्रिप्टो करेंसी कानून पर बात करने आए सांसदों के बारे में ट्रंप ने कहा कि उस बैठक में ज्यादातर सांसदों ने मुझसे कहा कि पॉवेल को हटाना चाहिए।
बैठक में ट्रंप ने पॉवेल को बर्खास्त करने का एक पत्र भी दिखाया
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रंप ने उस बैठक के दौरान एक पत्र भी दिखाया, जो पॉवेल को हटाने का प्रस्ताव था। लेकिन मामले से परिचित एक व्यक्ति ने कहा कि यह पत्र किसी और ने तैयार किया था और रिपब्लिकन राष्ट्रपति ने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा था। इस बैठक में जो लोग शामिल थे, उन्हें सार्वजनिक रूप से चर्चा करने का अधिकार नहीं था, इसलिए उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर यह जानकारी दी।
पॉवेल पर नवीनीकरण योजना के कुप्रबंधन का लगा है आरोप
ट्रंप ने बुधवार को ओवल ऑफिस में बहरीन के युवराज सलमान बिन हमद अल खलीफा के साथ बैठक की। इस दौरान ट्रंप ने कहा कि पॉवेल को हटाने की संभावना बहुत कम है, जब तक कि वह किसी धोखाधड़ी में न फंसें। हाल ही में व्हाइट हाउस और ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने पॉवेल पर फेड में 2.5 अरब डॉलर की एक नवीनीकरण परियोजना के कुप्रबंधन का आरोप लगाया है, जिससे ट्रंप द्वारा राजनीतिक रूप से स्वतंत्र केंद्रीय बैंकर से छुटकारा पाने के चल रहे प्रयासों में और इजाफा हुआ है।
ट्रंप के बयान के बाद शेयर बाजार में दिखा उतार-चढ़ाव
ट्रंप के बयान के बाद बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजार में हलचल मच गई। पहले तो शेयरों में गिरावट आई, लेकिन बाद में जब ट्रंप ने कहा कि पॉवेल को हटाना मुश्किल है, तब थोड़ी स्थिरता आई। बॉन्ड बाजार में भी उतार-चढ़ाव देखा गया, लेकिन ज्यादातर स्थिति शांत रही।