ईरान के साथ जारी तनाव के बीच अमेरिका का विमानवाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट पश्चिम एशिया पहुंच गया है। इसके साथ ही इस क्षेत्र में अमेरिकी विमानवाहक पोतों के तीन स्ट्राइक ग्रुप तैनात हो गए हैं। एक अमेरिकी अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह विमानवाहक पोत रविवार को अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में पहुंचा। इसके साथ ही यह यूएसएस जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश और यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ शामिल हो गया है। ये दोनों विमानवाहक पोत क्रमशः अप्रैल और अगस्त से इस क्षेत्र में तैनात हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ी अमेरिका की ताकत
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अरब सागर में अब अमेरिकी नौसेना की मौजूदगी में तीन विमानवाहक पोत, 13 विध्वंसक युद्धपोत, दो क्रूजर और एक कॉम्बैट शिप शामिल हैं। अमेरिका की यह तैनाती ऐसे समय में हुई है, जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कूटनीतिक प्रयास ठप पड़े हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य हमले दोबारा शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।
28 फरवरी को इस्राइल और अमेरिका ने तेहरान समेत ईरान के कई शहरों पर संयुक्त हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने इस्राइल और पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों और संपत्तियों को निशाना बनाते हुए मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। साथ ही उसने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण और सख्त कर दिया।
ईरान के साथ संघर्ष को लंबा नहीं खिंचने देंगे ट्रंप: जेडी वेंस
युद्धपोत की पश्चिम एशिया में तैनाती की खबर के बीच अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ संघर्ष को अनिश्चितकाल तक नहीं खीचेंगे। उन्होंने अमेरिका की ओर से दो साल तक सैन्य अभियान जारी रखने की संभावना को भी खारिज किया। हालांकि, उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर हमले के ट्रंप के फैसले का बचाव किया। सोमवार को फॉक्स न्यूज की एंकर लॉरा इंग्राहम को दिए इंटरव्यू में वेंस ने भरोसा जताया कि ट्रंप इस संघर्ष को सफलतापूर्वक खत्म करेंगे। हालांकि उन्होंने अमेरिकी सेना की वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख नहीं बताई।
वेंस ने कहा, 'वह इस संघर्ष को कभी खत्म न होने वाला युद्ध नहीं बनने देंगे। हमने अमेरिकी लोगों से वादा किया था कि हम अब कभी ऐसे युद्धों में नहीं उलझेंगे, जिनका कोई अंत न हो।' वेंस ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करने के ट्रंप के घोषित लक्ष्य का बचाव किया। उन्होंने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को अमेरिका के लिए खतरा बताया, लेकिन लंबे समय तक सैन्य अभियान जारी रखने की बात को भी खारिज कर दिया। उन्होंने नव-रूढ़िवादी विचारधारा के समर्थकों और उन लोगों की आलोचना की, जो चाहते हैं कि अमेरिका इस संघर्ष में अनिश्चितकाल तक शामिल रहे। वेंस ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि ट्रंप इस संघर्ष को समाप्त करने में सक्षम होंगे।