अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (स्थानीय समयानुसार) को एफबीआई के पूर्व डायरेक्टर जेम्स कोमी की इंस्टाग्राम पोस्ट '8647' पर दी गई सफाई को खारिज कर दिया। अब यह पोस्ट डिलीट हो चुकी है। ट्रंप ने कहा कि कोमी को अच्छी तरह पता था कि इसके मायने क्या हैं। एक बच्चा भी इसका मतलब जानता है।
कोमी का स्पष्टीकरण- यह सिर्फ एक फोटो थी
फोटो पर विवाद बढ़ने के बाद जेम्स कोमी ने अपनी पोस्ट डिलीट कर दी और सफाई देते हुए कहा- 'मैंने एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें कुछ सीपियां थीं जो मैंने समुद्र किनारे देखीं। मुझे नहीं पता था कि कुछ लोग इन नंबरों को हिंसा से जोड़ते हैं। मेरे मन में कभी ऐसा कोई इरादा नहीं था। मैं किसी भी प्रकार की हिंसा के सख्त खिलाफ हूं, इसलिए पोस्ट हटा दी।' बता दें कि, जेम्स कोमी 2013 से 2017 तक एफबीआई निदेशक रहे थे। उन्हें ट्रंप ने तब बर्खास्त किया था जब वे रूस और ट्रंप की 2016 चुनावी मुहिम के बीच कथित संबंधों की जांच कर रहे थे। अब कोमी अपराध कथाओं (क्राइम फिक्शन) के लेखक हैं और उनकी नई किताब 'एफडीआर ड्राइव' मंगलवार को रिलीज होने जा रही है।
ये भी पढ़ें: Trade Agreement: अमेरिका में आज से मंत्री स्तरीय वार्ता, लटनिक-ग्रीयर से बात करेंगे वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल
ट्रंप ने कहा- वह कोमी की सफाई को स्वीकार नहीं करते
फॉक्स न्यूज को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कोमी की सफाई को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि वह कोमी की सफाई को स्वीकार नहीं करते हैं। ट्रंप ने कहा, 'उन्हें अच्छी तरह से पता था कि इसके क्या मायने हैं। एक बच्चा भी इसका मतलब जानता है। यदि आप एफबीआई डायरेक्टर हैं और आपको नहीं पता कि इसके क्या मायने हैं, तो इसका मतलब हत्या है। खैर, उन्होंने माफी मांगी, क्योंकि वह पकड़े गए। वह एक बहुत बुरे आदमी हैं।'
क्या है पूरा मामला?
गुरुवार को जेम्स कोमी ने इंस्टाग्राम पर समुद्र किनारे सीपियों की एक तस्वीर पोस्ट की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा. 'मेरी बीच वॉक के दौरान एक अच्छी सीपियों की आकृति मिली।' तस्वीर में सीपियों को इस तरह सजाया गया था कि उनमें '86 47' लिखा हुआ दिखाई दे रहा था।
'86 47' का मतलब क्या है?
संख्या '47' का सीधा संबंध डोनाल्ड ट्रंप से जोड़ा जा रहा है, क्योंकि दोबारा राष्ट्रपति बनने के साथ ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बन गए हैं। वहीं संख्या '86' एक बोलचाल की भाषा है, जिसका मतलब हटा देना या निकाल फेंकना होता है। वहीं कुछ जगहों पर यह 'मृत्युदंड' या 'मार डालना' जैसे अर्थों में भी इस्तेमाल होता है।
ये भी पढ़ें: Salman Rushdie: 77 वर्षीय भारतीय-ब्रिटिश लेखक को 32 माह बाद मिला इंसाफ, आंख पर हमला करने वाले को 25 साल की जेल
ट्रंप समर्थकों का आरोप –ये राष्ट्रपति की हत्या का इशारा है
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (डीएचएस) की सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा, 'सीक्रेट सर्विस और डीएचएस इस गंभीर खतरे की जांच कर रहे हैं और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।' वहीं ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने भी कोमी पर अपने पिता की हत्या का संकेत देने का आरोप लगाया। इस मामले में व्हाइट हाउस के उप प्रमुख जेम्स ब्लेयर ने कहा कि यह पोस्ट एक बेहद संवेदनशील समय पर आई है, जब राष्ट्रपति ट्रंप मध्य पूर्व यात्रा पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पोस्ट 'आतंकवादियों और दुश्मन देशों को राष्ट्रपति की हत्या के लिए प्रेरित करने वाली एक खुली अपील है।'
मौजूदा एफबीआई और सीक्रेट सर्विस की प्रतिक्रिया
मौजूदा एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कहा कि उन्हें इस पोस्ट की जानकारी है और वे सीक्रेट सर्विस के साथ इस मामले पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि जेम्स कोमी ने कहा है कि उनका कोई गलत इरादा नहीं था, लेकिन ट्रंप समर्थक इसे गंभीर धमकी के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट को लेकर तीखी बहस चल रही है। अब सवाल उठता है – क्या ये वास्तव में एक निर्दोष तस्वीर थी या किसी तरह का राजनीतिक संदेश?
संबंधित वीडियो