अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को जनगणना 2020 से विवादित नागरिकता सवाल को हटाने पर सहमति जताई है। नागरिक अधिकार के कार्यकर्ताओं के व्यापक विरोध के बाद ये फैसला लिया गया है।
शीर्ष अदालत ने करीब दो सप्ताह पहले सरकार की दलील को विवादित करार दिया था। साथ ही प्रशासन की जनगणना में नागरिकता के सवाल को शामिल करने की मांग को भी ठुकरा दिया था। जिसके बाद ट्रंप को अपना फैसला बदलना पड़ा।
सरकार ने अब जनगणना की प्रश्नावली को प्रिंट कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें नागरिकता के सवाल को नहीं जोड़ा गया है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता होगन गिड्ले ने गुरुवार को ट्रंप के फैसले से पहले कहा था कि ट्रंप अपने कानूनी अधिकार के तहत वो सबकुछ करेंगे जिससे ये पता चल सके और सार्वजनिक हो सके कि अमेरिका में कौन दस्तावेजों के साथ रह रहा है और कौन बिना दस्तावेजों के रह रहा है।
गिड्ले ने पत्रकार से कहा था, "इसमें कोई आश्चर्य नहीं है... कि राष्ट्रपति जानना चाहते हैं कि कौन इस देश में वैध और कानून के मुताबिक है और कौन नहीं है। अमेरिका के लोगों को ये जानने का अधिकार है।"