सार
वॉशिंगटन डीसी में फेड की निर्माणाधीन इमारत के दौरे के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फेड प्रमुख जेरोम पॉवेल के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया है। ये बहस फेड की बिल्डिंग के नवीनीकरण खर्चों को लेकर हुई, जो कैमरे पर लाइव रिकॉर्ड हुई। वीडियो में देखा गया कि ट्रंप ने अधिक खर्च का दावा किया, तो पॉवेल ने कहा कि ट्रंप ने एक पुरानी इमारत को भी जोड़ा है।
फेड प्रमुख जेरोम पॉवेल और डोनाल्ड ट्रंप।
- फोटो : Agency
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और फेडरल रिजर्व (अमेरिका के केंद्रीय बैंक) के प्रमुख जेरोम पॉवेल के बीच बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रहा है। यह बहस फेड की बिल्डिंग के नवीनीकरण खर्चों को लेकर हुई, जो कैमरे पर लाइव रिकॉर्ड हुई। यह पूरी घटना गुरुवार को उस समय हुई जब ट्रंप और पॉवेल वॉशिंगटन डीसी में फेड की निर्माणाधीन इमारत का दौरा कर रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि इमारत के दौरे के दरमियान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जेरोम पॉवेल दोनों ने सफेद हेलमेट और सूट पहन रखे थे। बता दें कि यह पहली बार है जब बीते दो दशकों में कोई मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति फेडरल रिजर्व के मुख्यालय पहुंचा।
रेनोवेशन की बजट को लेकर हुई तीखी बहस
इस दौरान ट्रंप ने कहा कि फेड की इमारत का रेनोवेशन बजट से काफी ज्यादा लगभग 3.1 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इस पर पॉवेल ने आपत्ति जताते हुए कहा कि ट्रंप ने एक तीसरी इमारत को भी जोड़ लिया है, जो 5 साल पहले ही बन चुकी है। इसके बाद ट्रंप ने जेब से एक कागज निकालकर दावा किया कि यह जानकारी फेड से ही मिली है। फेड का कहना है कि असली खर्च 2.5 अरब डॉलर है।
ये भी पढ़ें:- Trump vs Powell: फेड मुख्यालय के नवीनीकरण परियोजना को जरिया बना पॉवेल को हटाएंगे ट्रंप, किया यह खुलासा
पॉवेल ने कागज पढ़ा और कहा कि ट्रंप ने इसमें एक तीसरी बिल्डिंग भी जोड़ दी है जो पांच साल पहले ही बन चुकी है। ट्रंप ने जवाब में कहा कि वो बिल्डिंग बन रही है, जिस पर पॉवेल ने कहा कि नहीं, वो पांच साल पहले बन चुकी है ये नई नहीं है। इसके बाद ट्रंप ने दौरा खत्म करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि फेड का निर्माण जल्दी पूरा हो और फेड ब्याज दरों में तेजी से कटौती करे।
ट्रंप ने जल्दी काम पूरा करने की बात पर दिया जोर
दौरे के बाद राष्ट्रपति टंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए निर्माणाधीन इमारत का काम जल्दी पूरा करने की बात पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इसे पूरा करो और उससे भी जरूरी है कि ब्याज दरों को नीचे लाया जाए। गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से ट्रंप फेड प्रमुख पॉवेल की नीतियों की आलोचना करते रहे हैं। उन्होंने पॉवेल को हठी, ट्रंप विरोधी, और नासमझ जैसे शब्दों से भी निशाना बनाया है। इतना ही नहीं ट्रंप कई बार उन्हें हटाने की बात भी कह चुके हैं।
ये भी पढ़ें:- US: अमेरिका और मेक्सिको के बीच तिजुआना नदी की सफाई को लेकर समझौता, गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं दे रहा प्रदूषण
क्या ट्रम्प पॉवेल को हटा सकते हैं?
वहीं मामले में विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ट्रम्प फेड के वर्तमान अध्यक्ष पॉवेल को हटाने का अभूतपूर्व कदम उठाते हैं , तो उन्हें कानूनसम्मत तरीके से निष्कासन का कारण बताना होगा और अपने आरोपों को साबित करने के लिए साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। कोलंबिया लॉ स्कूल के एसोसिएट प्रोफेसर लेव मेनैंड ने कहा कि कुछ कानूनों में उल्लेख है कि किसी अधिकारी को कर्तव्य की उपेक्षा या दुराचार के कारण हटाया जा सकता है। इन कारणों में अक्षमता भी शामिल है।