मिठाई, पटाखे और रौशनी के उत्सव- दीपावली की धूम विदेश में भी देखी जा रही है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने दीपों के पर्व को लेकर शुभकामनाएं दी हैं। अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क में मेयर कार्यालय ने बताया है कि पहली बार स्कूलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। भारतीय मूल के ब्रिटिश प्रधानमंत्री ब्रिटेन की सरकार के मुखिया हैं। इसाई बहुल देश ब्रिटेन में हिंदू नेता के प्रधानमंत्री बनने की घटना खूब चर्चित रही। बतौर प्रधानमंत्री सुनक ने पहली बार दिवाली की शुभकामनाएं दी हैं।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने भारतीय विरासत का उल्लेख किया
43 वर्षीय नेता सुनक ने ब्रिटेन और दुनिया भर में हिंदुओं और सिखों के लिए 10 डाउनिंग स्ट्रीट से पारंपरिक उत्सव संदेश में अपनी भारतीय विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने अपनी शुभकामनाओं में उज्जवल भविष्य की आशा व्यक्त की। सुनक ने कहा, "दुनिया भर में और ब्रिटेन भर में जश्न मनाने वाले सभी लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं। सिख समुदाय में हमारे दोस्तों को बंदी छोड़ दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
सुनक ने दिवाली की अहमियत बताई
उन्होंने कहा कि दीये की रोशनी के साथ एक ऐसा क्षण हो, जब हम भविष्य को आशा के साथ देख सकें। प्रधानमंत्री के रूप में मेरी मार्गदर्शक रोशनी चीजों को बेहतरी के लिए बदलने का दृढ़ संकल्प है। मेरा मानना है कि दिवाली एक उज्जवल कल के प्रयास का एक मार्मिक प्रतिनिधित्व है। इसकी अहमियत अंधेरे पर प्रकाश की विजय के प्रतीक के रूप में है।
न्यूयॉर्क के स्कूलों में पहली बार सार्वजनिक छुट्टी
ब्रिटिश प्रधानमंत्री के अलावा अमेरिकी शहर न्यूयॉर्क में भी दिवाली-2023 की धूम है। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर कार्यालय में डिप्टी कमिश्नर दिलीप चौहान ने कहा, "इस साल दिवाली बेहद महत्वपूर्ण है, न्यूयॉर्क शहर के इतिहास में पहली बार, मेयर एरिक एडम्स ने दिवाली के बाद न्यूयॉर्क शहर के स्कूल में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।"
धार्मिक जगहों पर जा सकते हैं बच्चे
डिप्टी कमिश्नर दिलीप चौहान ने कहा, वर्षों की वकालत...भारतीय प्रवासी, भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने इस पहल के लिए कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा, दिवाली पर, हमारे बच्चों को स्कूल जाने की ज़रूरत नहीं है। चौहान ने कहा कि इस साल बच्चे घर पर अपने परिवार के साथ समय बिता सकते हैं। धार्मिक जगहों की यात्रा कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री और पत्नी अक्षता का दिवाली रिसेप्शन
सुनक ने कहा, पहले ब्रिटिश एशियाई प्रधानमंत्री और एक समर्पित हिंदू के रूप में उन्हें यह भी उम्मीद है कि दिवाली शानदार जातीय और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव हो सकता है। दिवाली ब्रिटेन को वह स्थान बनाता है जो वह आज है। बता दें कि इस सप्ताह की शुरुआत में सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में एक विशेष दिवाली रिसेप्शन की मेजबानी की थी। इसमें प्रवासी भारतीयों समेत बॉलीवुड सितारे अक्षय कुमार, ट्विंकल खन्ना और प्रीति जिंटा जैसी हस्तियों ने भी भाग लिया।
फूल, रंगोली, मोमबत्ती, शानदार थीम पर सजा पीएम आवास
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कार्यालय-सह-निवास को बुधवार शाम गेंदे के फूल, रंगोली और मोमबत्तियों की थीम पर सजाया गया था। मौका इसलिए भी खास रहा क्योंकि सुनक ब्रिटेन के पहले भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने का एक साल पूरा कर रहे थे।