चीन में महिलाओं काे एक से ज्यादा पति रखने की मांग के बाद विवाद
चीन में शंघाई की फुडान यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर ने वहां की महिलाओं को अजीब सुझाव दिया है। चीन की दशकों पुरानी एक बच्चा नीति के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए इकोनॉमिक्स के प्रोफेसर इ्यू-क्वांग एनजी ने कहा है कि देश में महिलाओं को एक से अधिक पति रखने की अनुमति देनी चाहिए। यह संख्या आदर्श रूप से दो हो सकती है। इस तरह उनके अधिक बच्चे हो सकेंगे।
प्रोफेसर ने एक बिजनेस वेबसाइट पर लिखे अपने कॉलम में यह सुझाव दिया है। इसका शीर्षक है, ‘क्या बहुपतित्व वास्तव में हास्यास्पद विचार है?’ क्वांग ने लिखा कि यदि लिंगानुपात इतना असंतुलित नहीं होता तो मैंने पॉलेंड्री (एक से अधिक पति रखना) का सुझाव नहीं दिया होता।
उन्होंने कहा कि मैं बहुपतित्व की वकालत नहीं कर रहा हूं। मैं सिर्फ सुझाव दे रहा हूं कि हमें असंतुलित लिंगानुपात के विकल्प पर विचार करना चाहिए। बता दें कि चीन में एक बच्चा नीति 1980 से लागू है। 2016 में इसमें ढील दी गई थी। इसमें अल्पसंख्यकों पर बच्चों की संख्या की पाबंदी नहीं है।
वहीं, ग्रामीण इलाकों में रहने वाले हान मूल के नागरिकों को दो बच्चे की छूट है। प्रोफेसर क्वांग के मुताबिक फिलहाल चीन में लिंगानुपात 117:100 है। यानी 117 लड़कों पर 100 लड़कियां। ऐसे में कई युवाओं को शादी के लिए लड़कियां नहीं मिल रही हैं।