आईएफएफएम अवॉर्ड : शीर्ष नामांकन में डार्लिंग्स, कांतारा
आलिया भट्ट अभिनीत ‘डार्लिंग्स’, वासन बाला की ‘मोनिका ओ माय डार्लिंग्स’, मणिरत्नम की ‘पोन्नियन सेल्वन’ और कन्नड़ ब्लॉकबस्टर ‘कांतारा’ मेलबर्न के भारतीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफएम) पुरस्कार 2023 में शीर्ष नामांकन में शामिल हैं। आयोजकों ने शुक्रवार को बताया कि ये चार फिल्में सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार के लिए 10 दावेदारों में शामिल हैं। अन्य नामांकित फिल्मों में ‘भेड़िया’, ‘ब्रह्मास्त्र’, ‘जोगी’, ‘पठान’ और ‘सीता राम’ शामिल हैं।
रूसी ‘वैगनर’ का कोई कानूनी अस्तित्व नहीं : व्लादिमीर पुतिन
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि निजी सैन्य समूह ‘वैगनर’ कानूनी इकाई के रूप में अस्तित्व में ही नहीं है। उन्होंने कहा, इस संबंध में कोई कानून ही नहीं है। पुतिन ने ‘कोमर्सेंट’ अखबार को 29 जून को हुए अपने उस कार्यक्रम के बारे में बताया जिसमें सैन्य समूह ‘वैगनर’ के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन सहित वैगनर के 35 कमांडर ने भाग लिया था।
भारतवंशी वकील पर थप्पड़ मारने, दुर्व्यवहार के आरोप
भारतीय मूल के 54 वर्षीय वकील रवि मदासामी पर सिंगापुर के एक रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को चोट पहुंचाने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा है। रवि पर 12 जुलाई को ‘यियो चू कांग मास रैपिड ट्रांजिट’ (एमआरटी) स्टेशन के पास सेल्वाराजा टी. नामक व्यक्ति को थप्पड़ मारने और उस पर चिल्लाने का आरोप है। पूर्व में रवि को मानसिक विकार से ग्रसित पाए जाने पर चिकित्सीय परीक्षण के लिए मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में भेजने का आदेश दिया जा चुका है।