चीन में वुहान स्थित प्रयोगशाला में कोरोना वायरस को पैदा करने के दावों के बीच वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (डब्ल्यूआईवी) के प्रमुख ने इसे खारिज किया है। डब्ल्यूआईवी के प्रोफेसर और इसकी नेशनल बायोसैफिल्टी लैबोरेटरी के निदेशक युआन जमिंग ने कहा कि ये सभी दावे दुर्भावनापूर्ण हैं और इनका कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा, हम अभी तक नहीं कह सकते कि यह बीमारी कहां से पैदा हुई।
वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी के प्रमुख युआन ने उन धारणाओं को भी खारिज किया जिनमें कहा गया था कि प्रयोगशाला ने चमगादड़ों पर किए जा रहे अनुसंधान के दौरान गलती से चमगादड़ों के जीनोम से वायरस को फैला दिया है। उन्होंने कहा, हमने वैश्विक जलवायु परिवर्तन और मानवीय गतिविधियों के साथ मानव और जंगली जानवरों के बीच निकट संपर्क के खतरों को देखा है। इसलिए हमारी प्रक्रियाएं सख्त हैं।
युआन ने कहा कि वायरस की उत्पत्ति का पता लगाना बहुत ही अनिश्चितता के साथ एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण वैज्ञानिक प्रश्न है। यह पूछे जाने पर कि क्या उनका संस्थान महामारी में एक अंतरराष्ट्रीय जांच में सहयोग करेगा, युआन ने कहा कि वह इस तरह के तंत्र से अनजान हैं, लेकिन प्रयोगशाला में पहले से ही नियमित रूप से निरीक्षण किया जा चुका है इसलिए मुझे आशा है कि इस संबंध में पूर्वाग्रहों को अलग रखा जाएगा।