कोविड-19 के कारण ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था 1,706 के बाद तीन शताब्दी (300 साल) से ज्यादा समय के निचले स्तर पर पहुंच जाएगी। बैंक ऑफ इंग्लैंड ने चेतावनी दी है कि 2021 में सुधार से पहले 2020 की पहली छमाही में देश की अर्थव्यवस्था का कुल आकार 30 फीसदी और इस साल के अंत तक 14 फीसदी घट जाएगा।
रोजगार के मोर्चे पर बैंक ऑफ इंग्लैंड ने कहा, ब्रिटेन में बेरोजगारी दोगुना बढ़कर 9 फीसदी हो जाएगी। इसमें 60 लाख उन कर्मचारियों का आंकड़ा शामिल नहीं है, जिन्हें सरकार की ‘रोजगार सुरक्षा योजना’ के तहत कई कंपनियों ने नौकरी से निकाला नहीं है। योजना के तहत ब्रिटेन की सरकार इन कर्मचारियों के वेतन का 80 फीसदी खुद दे रही है।
ब्रिटेन की केंद्रीय बैंक ने कहा, लॉकडाउन खत्म होने के बाद इस साल की दूसरी छमाही से अर्थव्यवस्था में सुधार के लक्षण दिखने लगेंगे। अगर महामारी पर काबू पा लिया गया तो ब्रिटिश अर्थव्यवस्था में तेजी से सुधार होगा। उधर, बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने बृहस्पतिवार को अपनी मुख्य ब्याज दर को 0.1 फीसदी के स्तर पर अपरिवर्तित बनाए रखने का फैसला किया। यह बैंक की न्यूनतम ब्याज दर है।