दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर
- फोटो : PTI
कोरोना वायरस अपडेट्सः
दक्षिण अफ्रीका: एक दिन में 1160 नए मामले सामने आए
- दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी है कि देश में रविवार को कोरोना के 1160 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में सामने आने वाले मामलों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। इसके साथ ही कुल मामलों की संख्या बढ़कर 15,515 हो गई है।
अमेरिका: 24 घंटे में 820 लोगों की मौत
- अमेरिका में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमित 820 लोगों की मौत हो गई है।
चीन: आठ हजार लोग किए गए क्वारंटीन
- चीन में कोरोना के नए मामले सामने आने के बाद करीब आठ हजार लोगों को पृथक कर दिया गया है। सीएनएन ने यह जानकारी चीन के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े एक शीर्ष अधिकारी के हवाले से दी है। अधिकारी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर को रोकना देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती है।
अमेरिका: कोरोना के मरीजों की संख्या डेढ़ लाख के करीब
- जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में कोरोनो वायरस के अब तक 1,482,916 मामले सामने आ चुके हैं और कम से कम 89,318 लोगों की मौत हो चुकी है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना के अब तक करीब 46 लाख मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 3 लाख 14 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में चौथे स्थान पर ब्राजील
- दक्षिणी अमेरिका के देश ब्राजील में कोरोना वायरस के अब तक करीब 2 लाख 33 हजार पांच सौ मामले सामने आ चुके हैं। इसके साथ ही ब्राजील कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित होने वाला चौथा देश बन गया है। ब्राजील से पहले इस स्थान पर स्पेन पर था।
नेपाल में दो जून तक बढ़ा लॉकडाउन
- कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच नेपाल में लॉकडाउन को दो जून तक बढ़ा दिया गया है। इस बात की जानकारी नेपाल सरकार के प्रवक्ता डॉ युबराज खातीवाड़ा ने दी।
नेपाल में कोरोना वायरस महामारी के कारण दूसरी मौत
- नेपाल में कोरोना वायरस महामारी के कारण दूसरी मौत हुई है। 25 साल के एक व्यक्ति ने रविवार को दम तोड़ दिया। 12 मई को भारत से लौटने के बाद वह व्यक्ति क्वारंटीन में रह रहा था। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी। बता दें कि देश में रविवार तक संक्रमितों की संख्या 292 हो गई है और अब तक नेपाल में कोरोना के कारण दो लोगों की मौत हो चुकी है।
पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में 1352 नए मामले, संक्रमितों का आंकड़ा 40 हजार के पार
- पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,352 नए मामले दर्ज किए गए। इसके बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 40,000 को पार कर गई।
- पिछले 24 घंटे में 39 लोगों की मौत भी हुई है, जिसके बाद मृतकों की संख्या 873 हो गई है। वहीं, अब तक 11,341 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। रविवार को स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
- राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने कहा कि कुल 40,151 मामलों में से सिंध में 15,590, पंजाब में 14,584, खैबर-पख्तूनख्वा में 5,847, बलूचिस्तान में 2,544, इस्लामाबाद में 947, गिलगित-बाल्टिस्तान में 527 और पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर में 112 मामले दर्ज किए गए हैं।
दक्षिण कोरिया में संक्रमण के 13 नए मामले आए सामने
- दक्षिण कोरिया में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 13 नए मामले सामने आए हैं।
- कोरिया रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने रविवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या 11,050 हो गई हैं, जिनमें से 262 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
- उसने बताया कि संक्रमित हुए 9,888 लोग स्वस्थ हो गए हैं और 17,660 लोगों की यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि वे संक्रमित हैं या नहीं।
- नए मामलों की संख्या कई सप्ताह तक कम रहने के बाद दक्षिण कोरिया में पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के रोजाना करीब 30 मामले सामने आ रहे थे।
- इनमें से अधिकतर मामले सियोल के इताएवोन में नाइटक्लबों से जुड़े थे, लेकिन शनिवार को 19 मामले ही दर्ज किए गए।
- रोग नियंत्रण एजेंसी ने अभी यह नहीं बताया है कि पिछले 24 घंटे में सामने आए 13 नए मामलों का संबंध भी इन नाइटक्लबों से है या नहीं।
ब्राजील में कोविड-19 मरीज को ले जा रहा विमान दुर्घटनाग्रस्त
- ब्राजील के सिएरा राज्य में कोविड-19 से संक्रमित एक चिकित्सक को लेकर जा रहा छोटा विमान शुक्रवार रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे विमान में सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई।
- ऑनलाइन समाचार साइट जी1 ने दमकलकर्मियों के हवाले से यह खबर दी। बीमार चिकित्सक को उसके गृह राज्य पियाऊ में आईसीयू में भर्ती कराने के लिए ले जाया जा रहा था।
- विमान में पायलट के साथ मरीज का इलाज कर रहे दो चिकित्साकर्मी भी सवार थे। सिएरा दमकल विभाग और साओ बरनार्डो म्युनिसिपैलिटी ने इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है।
चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 17 नए मामले
- चीन में कोरोना वायरस संक्रमण के 17 नए मामले सामने आए हैं जिनमें से 12 ऐसे मामले हैं जिनमें मरीज में संक्रमण के लक्षण नहीं हैं।
- इस बीच वुहान में कई क्षेत्रों में कोविड-19 के नए मामले सामने आने पर अधिकारियों ने 1.1 करोड़ लोगों की गहन पैमाने पर जांच जारी रखी है।
- चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने रविवार को कहा कि शनिवार को जिलिन प्रांत में संक्रमण के पांच नए मामले सामने आए जिनमें से तीन मरीज स्थानीय स्तर पर संक्रमित हुए।
- संक्रमण के नए मामले सामने आने पर जिलिन शहर में इस हफ्ते लॉकडाउन लगा दिया गया था।
प्रार्थना सभा में शामिल व्यक्ति कोरोना संक्रमित
- अमेरिका के ओरोविल में मदर्स डे के मौके पर एक गिरजाघर में प्रार्थना सभा में शामिल हुआ एक व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है जिसके बाद धार्मिक सभा में मौजूद 180 से अधिक सदस्यों के संक्रमण की चपेट में आने की आशंका बढ़ गई है।
यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट में आठ नाविक दोबारा संक्रमित
- अमेरिका के विमान वाहक पोत यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट में आठ और नाविक कोरोना वायरस से दोबारा संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही पोत में ऐसे नाविकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई जो पोत में सेवाएं देते समय दोबारा संक्रमित हुए प्रतीत होते हैं।
- इससे पहले सभी नाविक संक्रमित पाए गए थे और उन्हें कम से कम दो सप्ताह के लिए पृथक-वास में रखा गया था। एक या दो दिन के अंतर में लगातार दो बार जांच में संक्रमण मुक्त पाए जाने के बाद ही उन्हें पोत पर जाने की अनुमति दी गई थी।
इटली में 24 घंटे में 153 लोगों की मौत
- इटली में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के बाद से इस संक्रामक रोग से 24 घंटे में सबसे कम 153 लोगों की मौत हुई है।
- नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने शनिवार को बताया कि इसके साथ ही इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या 31,763 पर पहुंच गई है।
- इससे पहले मृतकों की सबसे कम संख्या देशव्यापी बंद की घोषणा के एक दिन बाद नौ मार्च को दर्ज की गई थी।
- देश में 875 और लोगों के संक्रमित पाए जाने के बाद कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 224,760 हो गए हैं।
चीन में और स्कूलों को खोला गया, विमान संचालन शुरू
- चीन में रविवार को कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए। वहीं वाणिज्यिक केंद्र शंघाई ने कुछ स्कूलों को फिर से खोलने और एयरलाइंस ने विमानों का संचालन शुरू करने की घोषणा की।
- नए मामलों में से दो आयातित मामले हैं और तीन उत्तरपूर्वी प्रांत जिलिन से सामने आए।
- शंघाई में छात्र वायरस की जांच कराने और स्कूलों में सामाजिक दूरी बरतने के बजाय ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने का विकल्प अपना रहे हैं।
- बीजिंग और अन्य शहरों की तरह शंघाई ने परीक्षाओं की तैयारी कर रहे माध्यमिक और हाईस्कूलों के छात्रों के लिए कक्षाएं शुरू कर दी हैं।
- पिछले महीने मौत का कोई नया मामला सामने नहीं आया था लेकिन जिलिन में एक व्यक्ति की मौत को संक्रमण से जोड़कर देखा गया है। इसके साथ ही चीन में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या 4,634 हो गई और 82,947 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
अमेरिका: बीते 24 घंटे में 1237 लोगों की मौत
- जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका में बीते 24 घंटे में 1237 लोगों की कोरोना वायरस से संक्रमण के चलते मौत हो गई है।
ब्राजील में अब तक 15 हजार से अधिक लोगों की मौत
- ब्राजील में कोरोना वायरस के कारण अब तक 15 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। समाचार एजेंसी एएनआई ने समाचार एजेंसी एएफपी के हवाले से यह जानकारी दी है।
यहां पढ़ें 16 मई (शनिवार) के सभी अपडेट्स