दुनियाभर के लोग कोरोना वायरस संकट से जूझ रहे हैं। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, पूरी दुनिया में कोरोना से तीन लाख 98 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और 68 लाख 44 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं जबकि 33 लाख 62 हजार से ज्यादा लोगों ने कोरोना को मात दी है। वहीं, दुनियाभर में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में कोरोना से एक लाख 11 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 19 लाख 65 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट्स...
नेपाल में पिछले 24 घंटे में 323 नए मामले, तीन की मौत
नेपाल में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 323 नए मामले रिपोर्ट किए गए और तीन लोगों की मौत हो गई है। देशभर में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 3,235 हो गई है और अब तक कुल 13 मौतें हुई हैं: स्वास्थ्य मंत्रालय
सिंगापुर में संक्रमण के 344 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 37527 हुई
सिंगापुर में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 344 नए मामले सामने आए। इसी के साथ यहां संक्रमितों की कुल संख्या 37,527 हो गई है। इस बीच देश के उप प्रधानमंत्री हेंग स्वे ने कहा है कि कोरोना वायरस महामारी से निपटने में सिंगापुर को अभी एक साल का वक्त लग सकता है।
पाकिस्तान में पिछले 24 घंटे में 97 की मौत, संक्रमितों की संख्या 94 हजार के करीब
पाकिस्तान में कोरोना वायरस ने एक दिन में 97 मरीजों की जान ले ली और 4,700 से ज्यादा नए मामले सामने आए।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में मृतकों की संख्या 1,935 हो गई है और संक्रमितों का आंकड़ा 94 हजार के करीब पहुंच गया है।
मंत्रालय के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा ने बताया कि पंजाब में कोरोना वायरस के 35,308 मामले हैं, जबकि सिंध में 34,889, खैबर-पख्तूनख्वा में 12,459, बलूचिस्तान में 5,776 इस्लामाबाद में 4,323, गिलगित-बाल्टिस्तान में 897 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 331 मामले दर्ज किए गए हैं।
विज्ञापन
चीन में कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए
चीन में कोरोना वायरस के पांच नए मामले सामने आए, जिनमें तीन बाहर से आए हुए लोग शामिल हैं।
इन नए मामलों के साथ देश में कोविड-19 संक्रमण की कुल संख्या 83,030 हो गई है। स्वास्थ्य प्राधिकरण ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) के अनुसार, शुक्रवार को गुआंगदोंग प्रांत में तीन मामले सामने आए, जो बाहर से आए हुए हैं, जबकि दो बिना लक्षण वाले मामले सामने आए हैं।
भारत-चीन अधिक जांच करें तो कोविड-19 के ज्यादा मामले आएंगेः ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि भारत और चीन जैसे देश अगर ज्यादा संख्या में जांच करें तो उनके यहां कोरोना वायरस के मामले अमेरिका से अधिक होंगे।
ट्रंप ने एक कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका ने दो करोड़ लोगों की जांच की है।
उन्होंने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका की तुलना में जर्मनी ने 40 लाख और दक्षिण कोरिया ने करीब 30 लाख जांच की हैं।
अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 922 लोगों की मौत
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से 922 मौतें हुईं, अमेरिका में कोरोना वायरस से होने वाली मौत का आंकड़ा 1,09,042 पर पहुंच गया है।
वहीं, वर्ल्डोमीटर के मुताबिक अमेरिका में मौत का आंकड़ा शनिवार सुबह आठ बजे तक 1,11,390 पर पहुंच गया है।
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो ने कहा है कि अमेरिका विश्व बिरादरी को कोविड-19 से लड़ने में नई सहायता के तौर पर 19.4 करोड़ डॉलर अतिरिक्त देगा।
इसमें वेंटिलेटर खरीदने के लिए लगभग 18.0 करोड़ डॉलर भी शामिल हैं।
फिजी ने खुद को किया कोरोना मुक्त घोषित
प्रशांत महासागर में स्थित फिजी ने खुद को कोरोना वायरस से मुक्त घोषित कर दिया है। देश में संक्रमित मिले सभी 18 लोगों के ठीक होने के बाद उसने यह निर्णय लिया।
प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनिमारामा ने शुक्रवार को ट्विटर पर लिखा कि अंतिम संक्रमित मरीज भी ठीक हो गया है। हमारे यहां कोरोना संक्रमण की जांच की संख्या बढ़ा दी गई है।
ब्राजील में इटली से ज्यादा मौतें
हाल ही में लॉकडाउन खोलने वाला देश ब्राजील कोरोना वायरस का नया केंद्र बनता जा रहा है।
पिछले 24 घंटे में 1,473 मौतों के साथ यह देश इटली से आगे निकल गया है जबकि कुल संक्रमितों की संख्या में यह अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है।
अफ्रीका में संक्रमितों की संख्या 1.68 लाख के पार
डब्ल्यूएचओ के अनुसार अफ्रीका में कोविड-19 के मामलों की संख्या 1,68,464 तक पहुंच गई है। जबकि 4,700 लोगों की मौत हो चुकी है।
अफ्रीकी क्षेत्र में डब्ल्यूएचओ के कार्यालय ने ट्वीट किया कि अफ्रीकी महाद्वीप में 73,000 से अधिक लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।