ट्रंप ने आयरलैंड के पीएम लियो वराडकर के व्हाइट हाउस में अभिवादन में हाथ मिलाने के बजाए भारतीय शैली अपनाते हुए नमस्ते कहा। दोनों नेताओं ने कहा, कोरोना को देखते हुए यह आवश्यक है। ट्रंप ने कहा कि हमने और आयरलैंड के पीएम ने हाथ नहीं मिलाया। एक अजीब भावना थी।
ट्रंप ने कहा, मैं हाल ही में भारत से लौटा हूं और वहां मैंने किसी से हाथ नहीं मिलाया और यह आसान था, क्योंकि वहां ऐसे ही अभिवादन करते हैं। वराडकर भारतीय मूल के आयरिश नागरिक हैं। इस बीच, ट्रंप ने अपनी प्रचार रैलियां अस्थाई तौर पर स्थगित कर दी हैं।
श्रीलंका ने ईरान-इटली के लोगों के आने रोक लगाई
श्रीलंका ने तेजी से फैलते कोरोना वायरस के बीच ऐहतियाती तौर पर ईरान, इटली और दक्षिण कोरिया से यात्रियों के आगमन पर अस्थायी रोक लगा दी है। श्रीलंका के नागर विमानन प्राधिकरण (सीएए) ने कहा कि यात्रा पाबंदी रविवार से शुरू होगी और दो सप्ताह तक जारी रहेगी।
आस्ट्रेलियाई में 500 से अधिक लोगों के जमा होने पर प्रतिबंध
आस्ट्रेलियाई सरकार ने 500 लोगों के एक जगह पर इकट्ठे होने पर रोक लगा दी है। हालांकि स्कूल, विश्वविद्यालय, सार्वजनिक परिवहन या हवाई अड्डे खुले रहेंगे। लोगों को सलाह दी गई है कि जब तब बहुत जरूरी न हो तब तक विदेश की यात्रा पर न जाएं। आस्ट्रेलिया में अब तक 160 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और इनमें से तीन की मौत हो चुकी है। ।
नेपाल ने कोरोना वायरस महामारी के कारण दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट सहित दूसरी चोटियों पर पर्वतारोहण अभियान स्थगित कर दिया है। संस्कृति पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्री योगेश भट्टराई ने बताया, सभी पर्वतारोहण अभियानों को टाल दिया गया है और पर्यटक वीजा जारी करने पर पर रोक लग गई है।
यह हिमालयी देश एवरेस्ट पर पर्वतारोहण से हर साल लाखों डॉलर की कमाई करता है। भट्टराई ने कहा, आने वाले महीनों में स्थिति का विश्लेषण करने के बाद फैसले की समीक्षा की जा सकती है। चीन अपनी तरफ से एवरेस्ट पर चढ़ाई को पहले ही रोक चुका है।
नई ट्रैवल एडवाइजरी का नेपाल पर असर नहीं : भारतीय दूतावास
नेपाल ने कार्यरत भारतीय मिशन ने कहा है कि संशोधित ट्रैवल एडवाइजरी और वीजा प्रतिबंधोें का नेपाल के लोगों के आवागमन पर कोई असर नहीं होगा। मिशन ने कहा, लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए कदम उठाया गया है। इस आदेश के जारी होने के बाद भ्रम की स्थिति बन गई थी क्योंकि नेपाल में कई चीजों की आपूर्ति भारत के जरिए होती है।
कोरोना संक्रमण अब संयुक्त राष्ट्र तक पहुंच गया है। न्यूयॉर्क में स्थित यूएन कार्यालय में कोरोना वायरस का पहला मामला सामने आया है। संस्थान में काम करने वाली एक महिला फिलीपींस प्रतिनिधि का टेस्ट पॉजिटिव आया है। ये महिला फिलीपींस परमानेंट मिशन के तहत काम करती है।
मिलान एयरपोर्ट पर फंसे भारतीयों के लिए आगे आया दूतावास
इटली में विभिन्न हवाई अड्डों पर फंसे भारतीय छात्रों की मदद के लिए वाणिज्य दूतावास आगे आया है। दूतावास ने बताया कि इन छात्रों से संपर्क किया गया और उन्हें रहने-खाने में मदद की गई। दूतावास इन लोगों की जल्द वापसी के लिए कोशिश कर रहा है। कम से 20 छात्र भारत जाने की कोशिश में हैं। दरअसल, भारत इटली के लिए वीजा सुविधा 15 अप्रैल तक स्थगित कर चुका है।
यूएस नियामक जांच के नए तरीके को दिखाई हरी झंडी
दिग्गज स्विस दवा कंपनी ने एलान किया है कि कोरोना की जांच के उसके बनाए नए तरीके को अमेरिकी नियामक से अनुमति मिल गई है। इस परीक्षण का नाम सार्स-कोव-2 टेस्ट दिया गया है। इस पूरी तरह स्वचालित मशीनों से किया जाता है। इसकी मदद से कम समय में अधिक जांच की जा सकती हैं और परिणाम भी जल्द हासिल होते हैं।