दुनियाभर में कोरोना वायरस के मामले रविवार को बढ़कर एक करोड़ के पार हो गए। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक विश्व में 10,187,738 लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5,02,987 की अब तक मौत हो चुकी है। वहीं कोरोना पर नजर रखने वाली अमेरिकी यूनिवर्सिटी जॉन्स हॉपकिंस ने बताया कि अब तक 5,482,050 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
चीन के वुहान शहर से फैली इस महामारी की अमेरिका, ब्राजील और रूस पर सबसे अधिक मार पड़ी है। इसके बाद भारत में कोरोना के 5,30,993 मामले आ चुके हैं। भारत में 16 हजार से अधिक लोगों की इस वायरस से मौत हो चुकी है। अमेरिका में 25,96,771 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
जबकि 1,28,152 की मौत हुई है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। ब्राजील दूसरे नंबर है, जहां कोरोना से 13,15,941 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इस लैटिन अमेरिकी देश में 57,103 मरीजों की मौत हो चुकी है। अमेरिका, ब्राजील के बाद रूस में कोरोना के सबसे ज्यादा केस मिले हैं।
यहां 6,34,437 लोग संक्रमित हैं, लेकिन मौत की संख्या दस हजार से कम है। पांचवें स्थान पर ब्रिटेन है, जहां कोरोना के 3,10,250 मामले रिपोर्ट हुए हैं। हालांकि, यहां 43 हजार 500 से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।