चीन के वुहान शहर से फैले कोरोनावायरस की दवा बनाने के लिए दुनियाभर में कोशिशें चल रही हैं। इस बीच इस्राइल की सरकार ने दावा किया है कि कुछ ही हफ्तों में वह इसकी दवा तैयार कर लेगी और बाजार में उपलब्ध करा देगी।
इस्राइल के द येरूशलम पोस्ट ने वहां विज्ञान एवं तकनीक मंत्री ओफिर अकुनिस के हवाले से इस संबंध में जानकारी दी है। द येरूशलम पोस्ट ने रिपोर्ट में मंत्री अकुनिस के हवाले से दावा किया है कि कोरोनावायरस की दवा बनाने में यदि कामयबी मिल जाती है तो यह एक बड़ी उपलब्धि होगी। अभी तक बाजार में इसकी कोई दवा नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल के द गैलिली रिसर्च इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक पिछले चार साल से इंफेक्शस ब्रोंकाइटिस वायरस (आईबीवी) की दवा बनाने के लिए शोध कर रहे थे। ब्रोन्कियल बीमारी मुर्गियों में होती है। इसकी दवा तैयार कर ली गई है।
वेटनरी इंस्टीट्यूट में प्री-क्लीनिकल ट्रायल के बाद इसे सरकार ने भी पास कर दिया है। इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिक डॉ. चेन कट्ज ने बताया कि यह दवा विशेष प्रकार के वायरस के इलाज में कारगर है। इसमें ऐसे प्रोटीन हैं जो मांसपेशी के ऊतकों में एंटीजेन का निर्माण करते हैं। इससे शरीर में वायरस से लड़ने के लिए एंटीबॉडी तैयार होता है।
डॉ. चेन ने बताया कि आईबीवी की दवा तैयार करने में सफलता हासिल होने के क्रम में कोरोनावायरस को लेकर परीक्षण शुरू किए गए। कोरोनावायरस के डीएनए की जांच से पता चला कि यह मुर्गियों में मिलने वाले वायरस से काफी हद तक समानता रखने वाला है।
ऐसे में तैयार दवा को नए क्रम में रखकर तकनीक परीक्षण कर कोरोनावायरस की दवा तैयार की जा रही है। डॉ. चेन ने कहा कि आने वाले कुछ हफ्तों में यह भी तैयार हो जाएगी और वैज्ञानिक ही इसे बड़े पैमाने पर तैयार करेंगे।