चीन से फैले कोरोना वायरस के संक्रमण ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले रखा है। इस बीच चीन की 'बैट वुमेन' शी झेंगली ने पूरी दुनिया को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 तो अभी शुरुआत है, आने वाले दिनों कई खतरनाक वायरसों का हमला हो सकता है। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि कोरोना का वायरस सिर्फ बर्फ के एक टीप के बराबर है। उन्होंने कहा कि इस महामारी से लड़ने के लिए दुनिया को एकजुट होना होगा।
वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी की उप निदेशक शी झेंगली ने कहा कि वायरस को लेकर शोध के लिए वैज्ञानिकों और सरकारों को पारदर्शी और सहकारी होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विज्ञान का राजनीतिकरण करना बेहद अफसोसजनक है।
टीवी चैनल CGTN के साथ उनका साक्षात्कार नेशनल पीपुल्स कांग्रेस की हो रही वार्षिक बैठक के दौरान शुरू हुआ। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप करोना वायरस को लेकर चीन पर हमला बोलते रहे हैं। वो लगातार चीन पर इस वायरस को फैलाने का आरोप लगा रहे हैं। कोरोना की वजह से चीन और अमेरिका के संबंधों में खटास पनपी है। अमेरिका के मुख्य सचिव माइक पोम्पियो ने आरोप लगाया है कि कोविड-19 वायरस को चीन के किसी लैब में तैयार किया गया है।
हालांकि चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है। शी ने कहा है कि उनके द्वारा काम किए गए वायरस के आनुवंशिक लक्षण मनुष्यों में फैलने वाले कोरोना वायरस से मेल नहीं खाते हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा कि महामारी का प्रयोगशाला से कोई लेना-देना नहीं है। शी झेंगली पिछले 16 सालों से चमगादड़ों में मौजूद वायरस पर काम कर रही हैं।