भारत, ब्रिटेन और अमेरिका समेत कोरोना वायरस (Covid-19) अब दुनिया के ज्यादातर देशों में फैल चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कहा है कुछ दिनों में कोरोना संक्रमण के मामले 10 लाख हो जाएंगे और मौतों का आंकड़ा 50,000 तक पहुंच जाएगा। कोरोना वायरस को लेकर हर दिन नए-नए शोध किए जा रहे हैं ताकि इसके संक्रमण को जल्द से जल्द रोका जा सके। पूरी दुनिया में कम से कम 20 वैक्सीन पर अभी काम चल रहा है। इस बीच हाल में हुए शोध में हैरान कर देने वाली बातें सामने आईं हैं।
वैज्ञानिकों का कहना है कि कोरोना वायरस (Coronavirus) से संक्रमण के बाद इसके लक्षण सामने आने में पांच दिनों का समय लगता है लेकिन कुछ लोगों में इसके लक्षण दिखने में इससे ज्यादा समय भी लग सकता है। हैरानी की बात ये है कि कुछ लोग ऐसे भी पाए गए हैं जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं थे लेकिन वह इससे संक्रमित थे। बीते दिनों चीन ने कहा है कि उसके यहां कोरोना से संक्रमित 1541 ऐसे केस हैं जिनमें कोई लक्षण नहीं दिखे हैं। इनकी संख्या कम नहीं है। शोधकर्ताओं ने पाया है कि ऐसे मरीज दूसरों तक संक्रमण फैलाने में अहम भूमिका अदा कर सकते हैं। ऐसे लोगों का आंकड़ा करीब 10 प्रतिशत है।