दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 80 लाख के करीब पहुंच गई है। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 1 लाख 22 हजार 298 नए केस सामने आने के बाद विश्व में मामले बढ़कर 79,82,822 हो चुके हैं। वहीं, अब तक 4,35,166 लोग इस महामारी के कारण जान गंवा चुके हैं।
पाकिस्तान में बीते 24 घंटे में 6,825 नए केस मिले हैं, जो एक दिन में अब तक सर्वाधिक हैं। इसके साथ ही पड़ोसी देश में मरीजों की संख्या 1,39,230 हो गई है। वहीं, 81 और लोगों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा 2632 हो गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 51,735 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभावित पंजाब और सिंध प्रांत में मरीजों की संख्या 50 हजार को पार कर गई है। पंजाब में 52,601 और सिंध में 51518 मामले मिल चुके हैं।