दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के दौर से गुजर रही है। कोरोना से मरने वालों की संख्या में रोज बढ़ोतरी हो रही है। इस वायरस से अब तक एक लाख 60 हजार से ज्यादा जानें जा चुकी हैं और 23 लाख 31 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। जबकि पांच लाख 97 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। यूरोप में अब तक मरने वालों की संख्या एक लाख से अधिक हो गई है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...
जॉन हॉप्किंस के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1997 लोगों की मौत हुई है।
लैटिन अमेरिका में 100,000 से अधिक संक्रमित
समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक लैटिन अमेरिका में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 100,000 से अधिक हो गई है।
विज्ञापन
अमेरिका में 40000 से अधिक मौतें
जॉन हॉप्किंस विश्वविद्यालय के मुताबिक अमेरिका में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या 40000 के पार हो गई।
फ्रांस के विमानवाहक पोत पर तैनात 1,000 से अधिक नाविक कोरोना से संक्रमित
फ्रांस के सैन्य नेतृत्व से प्राप्त आंकड़ों से पता चलता है कि देश के प्रमुख विमानवाहक पोत पर सवार आधे से अधिक नाविक कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। यह जहाज भूमध्य सागर, उत्तर सागर और अटलांटिक महासागर से गुजरा है।
नौसेना के एक अधिकारी ने बताया कि 'चार्ल्स डे गॉल' पर सवार 1,760 नाविकों में से 1,046 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। फ्रांस के नौसेना प्रमुख एडमिरल क्रिस्टोफ प्राजुक ने पोत पर अधिक संख्या में नाविकों की मौजूदगी को इस इस वायरस के तेजी से फैलने का कारण बताया है।
पोत पर सवार रहा एक व्यक्ति आईसीयू में है जबकि 20 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती हैं। संक्रमित व्यक्तियों में दो अमेरिकी नाविक भी हैं जो पोत पर थे।
कोविड-19: मौलाना के जनाजे में एकत्रित हुए हजारों लोग
बांग्लादेश में लॉकडाउन के दौरान एक मौलाना के जनाजे में हजारों लोगों को शामिल होने से रोकने में नाकाम रहने पर एक पुलिस अधिकारी को हटा दिया गया है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस फैलने के खतरे को देखते हुए बांग्लादेश में देशव्यापी लॉकडाउन चल रहा है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को जारी किए गए एक वक्तव्य में कहा गया कि जनाजे में लोगों को एकत्रित होने की अनुमति देने पर ब्राह्मणबारी में सरैल पुलिस थाना प्रभारी शहादत हुसैन टीटू को हटा दिया गया है।
एक समाचार वेबसाइट के अनुसार टीटू ने भीड़ को एकत्रित होने से रोकने के लिए उचित कदम नहीं उठाए जिसके चलते उन्हें हटाया गया। लॉकडाउन के नियमों को तोड़ते हुए एक स्थानीय मदरसे में शनिवार को मौलाना जुबैर अहमद अंसारी के जनाजे में हजारों लोग शामिल हुए थे।
बांग्लादेश खिलाफत मजलिस के नायब-ए-अमीर अंसारी (55) का शुक्रवार को सरैल उप जिले में स्थित बर्ताला गांव में निधन हो गया था। उनके निधन से कुछ दिन पहले ही सरकार ने घोषणा की थी कि कोविड-19 महामारी देश के लिए बड़ा खतरा है।
पूरी दुनिया में 160,000 से अधिक मौतें
पूरी दुनिया में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 160,000 से अधिक हुई।
नेपाल में कोरोना के मामले बढ़कर 31 हुए
नेपाल में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 31 हो गए। यहां 12 भारतीय कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं।
पाकिस्तान में 514 नए मामले
पाकिस्तान में कोरोना पॉजिटिव के 514 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की कुल संख्या 7993 हो गई है।
सिंगापुर में विदेशी श्रमिक छात्रावासों से सामने आ सकते हैं और मामले
सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सेन लूंग ने आगाह किया है कि कई भारतीय नागरिकों समेत विदेशी कर्मचारियों के संकुलित छात्रावासों से कोरोना वायरस संक्रमण के और मामले सामने आ सकते हैं।
ली ने शनिवार को कहा कि विदेशी कर्मचारी छात्रावासों में संक्रमण की कड़ी तोड़ने के प्रयास किए गए हैं, लेकिन इसका परिणाम सामने आने में कुछ समय लगेगा।
सिंगापुर में कोविड-19 के ज्यादातर मामले विदेशी श्रमिक छात्रावासों से जुड़े हुए हैं।
सिंगापुर स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि शनिवार को सामने आए 942 नए मामलों में से 893 मामले कार्य परमिट धारक हैं जो विदेशी श्रमिक छात्रावास में रहते हैं जबकि छात्रावासों से बाहर रहने वाले 27 अन्य विदेशी कामगार भी शामिल हैं।
अमेरिकी झेल रहे महामारी का दंश, खाने-पीने के लिए दानदाताओं पर निर्भर
अमेरिका में कोरोना वायरस वैश्विक महामारी का दंश झेल रहे परिवार भोजन बैंक की ओर उमड़ रहे हैं।
लॉकडाउन के कारण एक के बाद एक कारोबार रातोंरात बंद हो जाने के कारण 2.2 करोड़ लोग बेरोजगार हो गए हैं और खाने-पीने के लिए दानदाताओं पर निर्भर हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने वैश्विक प्रतिक्रिया की स्वतंत्र जांच की मांग की
ऑस्ट्रेलिया ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से निपटने के विश्व स्वास्थ्य संगठन के तरीके समेत इस संकट के संबंध में दी गई वैश्विक प्रतिक्रियाओं की स्वतंत्र जांच कराने की रविवार को मांग की।
विदेश मंत्री मारिसे पायने ने कहा कि देश ऐसी समीक्षा पर जोर देगा जिसके तहत चीन की शुरुआती प्रतिक्रिया की भी जांच की जाएगी।
जापान में कोरोना के घरेलू मामलों की संख्या 10 हजार के पार
जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को कहा कि पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 568 नए मामले सामने आए जिससे देश में इस संक्रमण के घरेलू मामलों की संख्या बढ़कर 10,361 हो गई है।
देश में संक्रमितों की कुल संख्या में इस साल की शुरुआत में टोक्यो के समीप पृथक किए गए क्रूज जहाज में सवार 712 अन्य लोग भी शामिल हैं, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 11,073 हो गई। इनमें से 174 लोगों की मौत हो चुकी है।
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कोरोना वायरस के बढ़ते कहर से निपटने के लिए देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है। यह आपातकाल छह मई तक लागू रहेगी।
विरोध झेलने के बाद अमेरिकी गवर्नर प्रतिबंधों में ढील देने को मजबूर
अमेरिका में लॉकडाउन के विरोध की आंच अब ज्यादातर राज्यों के गवर्नरों तक पहुंच रही है और वे इसमें छूट देने के लिए बाध्य हो रहे हैं।
टेक्सास के स्टोर जल्द ही थोड़ी बहुत पाबंदियों के साथ सामान बेचना शुरू करेंगे और अस्पतालों में भी गैर जरूरी सर्जरी शुरू हो सकती हैं।
फ्लोरिडा में, लोगों ने बीच और पार्कों में लौटना शुरू कर दिया है। वहीं प्रदर्शनकारी और छूट की मांग कर रहे हैं।
विशेषज्ञों ने आगाह किया है कि ज्यादा जल्दबाजी करना विनाशकारी साबित हो सकता है।
चीन ने वुहान को कम जोखिम वाला क्षेत्र घोषित किया
कोरोना वायरस महामारी का केंद्र रहे वुहान को चीन ने कम जोखिम वाला इलाका घोषित किया है।
हालांकि कुछ दिन पहले शहर में संक्रमितों और मृतकों की संख्या संबंधी आंकड़ों में वृद्धि दर्ज की गई थी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि देश में कोविड-19 के 16 नए मामले सामने आए हैं।
दक्षिण कोरिया में संक्रमण के आठ नए मामले
दक्षिण कोरिया में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नए मामले सामने आए हैं।
कोरिया रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केन्द्रों ने कहा कि नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़ कर 10,661 हो गए हैं और 234 लोगों की मौत हो गई है।
केन्द्रों ने बताया कि 8,042 लोग ठीक हो गए हैं और उन्हें पृथकवास से छुट्टी मिल गई है। वहीं 12,243 संदिग्धों की जांच की जा रही है।
कोरोना वारयस से उबरे पैट्रिक मैकेनरो
अमेरिका के पूर्व डेविस कप कप्तान पैट्रिक मैकेनरो ने कहा है कि वह उपचार के बाद कोरोना वायरस के लिए नेगेटिव पाए गए हैं।
अमेरिकी डेविस कप टेनिस टीम के इस पूर्व कप्तान को मार्च में परीक्षण में कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था।
कोरोना के खिलाफ लड़ाई में शराब एक अवरोध है: दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि शराब कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में एक बाधा है।
लॉकडाउन के दौरान पाबंदियों के कारण शराब की बिक्री या उसका परिवहन निषेध है।
रामफोसा गाउतेंग लिकर फोरम के उसके सदस्यों को राष्ट्रीय आपदा के दौरान शराब की बिक्री की अनुमति देने के अनुरोध पर जवाब दे रहे थे।
राष्ट्रीय आपदा के कारण देश में 21 दिन का बंद है तथा शुक्रवार को इसे दो और सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया।
राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा कि शराब की बिक्री पर पाबंदी बरकरार रहेगी।
अमेरिका में रिपब्लिकन सांसदों ने चीन में पशु बाजारों पर तुरंत रोक की मांग की
दो रिपब्लिकन सांसदों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अनुरोध किया है कि वह अपने चीन के समकक्ष शी जिनपिंग से चीन में पशु बाजारों (वेट मार्केट) को तुरंत बंद करने के बारे में बात करें।
ट्रंप को लिखे पत्र में कांग्रेस सदस्य एल्सी हेस्टिंग्स और वर्न बुचनान ने जीवित पशुओं के बाजारों पर चीन का कड़ा नियंत्रण नहीं होने पर गहरी चिंता जताई है।
चीन ने भारत भेजी तीन लाख अतिरिक्त त्वरित एंटीबॉडी जांच किट
चीन ने कोविड-19 की तेजी से जांच करने के लिये उपयोग में लाई जाने वाली तीन लाख अतिरिक्त त्वरित एंटीबॉडी जांच किट भारत भेजी है। चीन के गुआंग्झू शहर से इनकी आपूर्ति की गई।
चीन में नियुक्त भारत के राजदूत विक्रम मिसरी ने बताया कि चीनी शहर गुआंग्झू से विमान के जरिए लगभग तीन लाख त्वरित एंटीबॉडी जांच किट राजस्थान और तमिलनाडु भेजी गई हैं।
उन्होंने बताया कि पहले भेजी गई 6.50 लाख एंटीबॉडी जांच किट और आरएनए एक्सट्रैक्शन किट के अतिरिक्त यह नई खेप भेजी गई है।
बहरीन के 125 नागरिकों को उनके देश भेजा गया
लॉकडाउन की वजह से पुणे में फंसे हुए बहरीन के 125 नागरिकों को विशेष विमान से उनके देश भेजा गया।
अमेरिका में 24 घंटे में 1891 मौतें
कोरोना महामारी की वजह से अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1891 लोगों की मौत हुई है।
यूरोप में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर एक लाख के पार पहुंची
कोरोना वायरस संक्रमण से यूरोप में मरने वाले लोगों की संख्या एक लाख के आंकड़े को शनिवार को पार कर गई । यह पूरे विश्व की कुल मृतक संख्या का करीब दो तिहाई हिस्सा है।
कोविड-19 से मरने वाले लोगों से जुड़ी समाचार एजेंसी एएफपी की तालिका में यह दावा किया गया है।