पाकिस्तान में रविवार को कोविड-19 के 264 नए मामले सामने आए है, जिससे देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,95,636 हो गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में महामारी से चार और मरीजों की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6,288 हो गई। मंत्रालय के अनुसार देश में अभी तक कुल 2,80,547 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 601 मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है।
मेक्सिको में 63,819 कोरोना मरीजों की मौत
मेक्सिको में शनिवार को कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 591,712 हो गई है। वहीं, मरने वालों की संख्या 63,819 तक पहुंच गई है।
दक्षिण कोरिया में रेस्तरां, पब और बेकरी पर लगा प्रतिबंध
दक्षिण कोरिया में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसके चलते घनी आबादी वाले क्षेत्र सियोल में रेस्तरां, पब और बेकरी द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कोरिया सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (केसीडीसी) ने कहा कि शनिवार मध्यरात्रि तक संक्रमितों के आंकड़े में 299 नए मरीज शामिल हुए हैं। इसके साथ ही कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 19 हजार से अधिक पहुंच गई है।
चीन में संक्रमण के नौ नए मामले
बीजिंग। चीन में पिछले 24 घंटे में कोरोना के नौ नए मामले सामने आए हैं। वहीं, पिछले दिनों ठीक हुए मरीजों की संख्या 27 है। चीन में अब तक कुल 85 हजार से अधिक लोग संक्रमण का शिकार हुए हैं और मरने वालों की संख्या चार हजार से अधिक के आंकड़े को पार कर चुकी है।
कनाडा ने चीनी फार्मा कंपनी के साथ वैक्सीन बनाने के समझौते को किया रद्द
कनाडा ने दवाओं को भेजने में देरी के कारण चीनी दवा कंपनी कैनसिनो के साथ कोरोना वैक्सीन विकास समझौते को रद्द करने का फैसला किया है। दक्षिण चीन मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण ये फैसला तो नहीं लिया गया है।