पाकिस्तान में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है, यहां 69 हजार से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हैं। वहीं, देश में वायरस की चपेट में मंत्री भी आ रहे हैं। शनिवार को नारकोटिक्स कंट्रोल के राज्यमंत्री शेहरयार अफरीदी कोरोना संक्रमित पाए गए। उन्होंने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी।
अफरीदी ने ट्वीट किया कि मैं कोविड-19 से संक्रमित पाया गया हूं और मैंने एहतियातन खुद को घर पर क्वारंटीन कर लिया है। उन्होंने कहा कि मुझे दुवाओं और प्रार्थनाओं की जरूरत हैं। मैं ऊपर वाले से दुआ करता हूं कि वह मेरे देश के नागिरकों को इस महामारी से बचाएं।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति ट्रंप टालने जा रहे जी-7 सम्मेलन, कहा- पहले भारत को आमंत्रित करूंगा
शेहरयार अफरीदी के संक्रमित होने की खबर के पहले भी देश के कई नेता इस वायरस की चपेट में आए थे। अफरीदी के संक्रमित होने से पहले, सिंध के गवर्नर इमरान इस्माइल और नेशनल असेंबली स्पीकर असद कैसर कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे। हालांकि, दोनों ही लोग अब कोरोना वायरस से ठीक हो चुके हैं।
पाकिस्तान सरकार लॉकडाउन सख्त कर सकती है
दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री इमरान खान ने कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर राष्ट्रीय समन्वय समिति की बैठक बुलाई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि देश में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार सख्त लॉकडाउन का फैसला कर सकती है। बैठक में इसी मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।
बता दें कि, पाकिस्तान सरकार ने संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच नौ मई को लॉकडाउन में रियायत दी थी। सरकार ने अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सप्ताह में पांच दिनों तक निर्माण कार्य संबंधी उद्योग और शॉपिंग सेंटर को खोलने की अनुमति दी थी। वहीं, पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 69,496 हो गई। इस खतरनाक वायरस से अब तक इस इस्लामिक देश में 1,483 लोगों की मौत हुई हैं।
गौरतलब है कि, 20 मई को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी 'पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) की सदस्य शाहीन रजा की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई थी। वह पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से विधानसभा सदस्य थी। मौत से दो दिन पहले ही शाहीन की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद से अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
पाकिस्तान मीडिया में आईं रिपोर्टों के अनुसार, विधानसभा सदस्य ने हाल ही में एक अस्पताल का दौरा किया था। माना जा रहा था कि वहीं शाहीन रजा किसी संक्रमित मरीज के संपर्क में आईं। इसके बाद तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी कोरोना जांच की गई और वह कोविड-19 से संक्रमित पाई गईं।