चीन में जानलेवा कोरोनावायरस के चलते मृतकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, भारत में भी इसके संदिग्धों की बढ़ोतरी हो रही है। केरल में बुधवार को कोरोनावायरस के 153 संदिग्ध मामले सामने आए। इनमें 16 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने इस बात की जानकारी दी।
चीन के अलावा हांगकांग और फिलीपींस में भी कोरोनावायरस से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई है। थाईलैंड में कोरोनावायरस के एक संदिग्ध का मामला पॉजिटीव पाया गया है। चीन में जहां बुधवार को 73 और लोगों की जान चली गई, इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 563 हो गई और इस विषाणु से संक्रमित होने के 28,018 मामलों की पुष्टि हुई है।
चीन राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि बुधवार को इससे 73 और लोगों की जान चली गई और इनमें से 70 हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान से थे, जहां इससे सबसे अधिक लोग मारे गए हैं। आयोग ने बताया कि देश में अभी तक इस वायरस की चपेट में आने से कुल 563 लोगों की जान जा चुकी है और 28,018 मामलों की पुष्टि हुई है।
चीन में कोरोनावायरस को लेकर राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बुधवार को कहा कि बचाव और नियंत्रण की स्थिति संकटपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वायरस को रोकने और इस पर नियंत्रण पाने के लिए कानून पर आधारित, वैज्ञानिक और सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने यह बात कम्यूनिस्ट पार्टी की सेंट्रल कमेटी मीटिंग के दौरान कही।
चीन में मदद के लिए बुलाई गई सेना, चार हजार नए मामले
कोरोनावायरस की आपदा से जूझ रहे चीन ने सेना को बुला लिया है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने आदेश में कहा है कि चीनी सेना, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) को अब इस महामारी को रोकने की जिम्मेदारी लेनी होगी। सेना को यह समझना होगा कि हालात बहुत मुश्किल और चुनौती भरे हैं। उन्होंने कहा कि पीएलए को अपना मकसद ध्यान में रखना होगा और आदेशों का पालन करना होगा। उन्होंने लोगों की मदद करने को लेकर कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की प्रशंसा के पुल भी बांधे।
भारत ने चीनी नागरिकों के आने पर रोक लगाई
भारत सरकार ने कोरोनावायरस को ध्यान में रखते हुए किसी भी देश से भारत में आने वाले चीनी नागरिकों पर रोक लगाई है।
आईटीबीपी के कैंप में रखे गए 104 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव
आईटीबीपी के कैंप में रखे गए 104 लोगों की कोरोनवायरस की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है जबकि 300 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बल के प्रवक्ता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली के छावला इलाके में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के शिविर में बीते सप्ताह चीन के वुहान से लौटे लगभग 406 लोगों को अलग रखा गया है। आईटीबीपी के प्रवक्ता विवेक कुमार ने कहा, 'हमारे कैंप में ठहरे सभी लोगों के नमूने लिए गए। 104 लोग कोरोनावायरस की जांच में नेगेटिव पाए गए हैं जबकि शेष 302 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है।'
जापान के क्रूज में 10 और लोग कोरोनावायरस से संक्रमित
जापान ने कोरोनावायरस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिस क्रूज के यात्रियों को अलग रखा था, उनमें से 10 और लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही क्रूज पर सवार लोगों में से कुल 20 के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।
जापान के अधिकारी ‘डायमंड प्रिंसेज’ क्रूज पर सवार यात्रियों में से अब तक 273 लोगों के नमूनों की जांच कर चुके हैं। क्रूज पर करीब 3700 यात्री सवार हैं, जो करीब 14 दिन तक नौका पर ही रहेंगे। दरअसल जापान ने यह कदम 80 वर्षीय एक व्यक्ति के वायरस से पीड़ित पाए जाने के बाद उठाया गया है।