दुनिया में बृहस्पतिवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 4.85 करोड़ पार कर गया, जबकि मृतकों की संख्या 12.32 लाख से ज्यादा हो गई। महामारी की चपेट में आए 3.47 करोड़ लोग ठीक भी हुए हैं।
दुनिया में 4.85 करोड़ संक्रमित, 12.32 लाख से ज्यादा की मौत
विश्व में 1.25 करोड़ सक्रिय मामले हैं, जिनमें 89,533 मरीजों की हालत बेहद गंभीर है। इस बीच, अमेरिका में पांच दिन में दूसरी बार कोरोना संक्रमण का आंकड़ा एक लाख के पार हो गया। बुधवार को देश में कोरोना के 1,02591 मरीज मिले, जो एक दिन में अब तक का सर्वाधिक है।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोलोराडो, इडाहो, इंडियाना, मिनेसोटा और वाशिंगटन समेत नौ राज्यों में कोरोना के रिकॉर्ड मरीज मिले। इससे पहले 30 अक्तूबर को अमेरिका में 1,00,233 लोग संक्रमित पाए गए थे। अमेरिका में औसत हर दिन 850 लोगों की कोरोना से मौत हो रही है। इस बीच, दुनिया में संक्रमण के कुल मामले 4.84 करोड़ के पार हो गए। जबकि 12,31,858 लोग इस महामारी में जान गंवा चुके हैं। अमेरिका में सर्वाधिक 98 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 2,39,842 की मौत हुई है।
रोम की मेयर वर्जीनिया कोरोना पॉजिटिव
यूरोपीय देश इटली की राजधानी रोम की मेयर वर्जीनिया रग्गी कोरोना की चपेट में आ गईं। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने फेसबुक पर पोस्ट किया, आपको बताना चाहती हूं कि पिछले सप्ताह मैं एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आ गई थी। हालांकि, मेरे अंदर कोरोना के कोई लक्षण नहीं दिखे। मैं अब ठीक महसूस कर रही हूं और घर पर रहकर काम करने का फैसला किया है।
रूस में 19,404 नए संक्रमित
कोरोना की दूसरी लहर ने रूस को चिंताएं बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार को यहां 19,404 नए संक्रमित मिले। इसमें 5255 लोग अकेले राजधानी मास्को में संक्रमित पाए गए। इस दौरान 292 लोगों की कोरोना से मौत हुई। रूस में संक्रमण के मामले बढ़कर 17,12,858 हो गए और 29,509 मरीजों की मौत हुई है।
कोलंबिया में मौत का आंकड़ा 32 हजार पार
कोलंबिया में 166 मरीजों की मौत के साथ यहां इस बीमारी में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 32 हजार के पार हो गई। बीते 24 घंटे में 8692 नए संक्रमित मिले। देश में कोरोना के 11,08,084 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें 32,013 की मौत हुई है।
मैक्सिको में 635 मरीजों की मौत
मैक्सिको में 5225 नए मामलों के साथ देश में संक्रमण का आंकड़ा 9,43630 पहुंच गया। बीते 24 घंटे में 635 लोगों की इस बीमारी से मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब तक 93,228 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
चीन में 28 नए मामले
चीन में कोरोना के 28 नए केस सामने आए, जिसमें 20 लोग विदेश से आए हैं। यहां संक्रमण के 86,115 मामले रिपोर्ट हुए हैं, जिसमें 4634 लोगों की मौत हुई है।
जर्मनी में 19,990 संक्रमित
यूरोपीय देश जर्मनी में कोरोना के नए मामलों में वृद्धि हो रही है। बृहस्पतिवार को 19,990 संक्रमित मिले, जबकि 118 मरीजों की मौत हो गई। संक्रमण के मामले बढ़कर 597583 हो गए। अब तक 10,930 लोगों की मौत हुई है।