रूस कोरोनावायरस के मामले: अचानक बंद करने पड़े स्कूल
- फोटो : पीटीआई
दुनिया भर में अपनी कोरोना वैक्सीन को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए देश रूस में अचानक कोरोना के मामले बढ़ गए हैं। देश में लगातार नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को यहां 10,888 नए मामले सामने आए इनमें से 3,537 राजधानी मास्को के थे। मई के बाद का ये एक दिन में सबसे ज्यादा आंकड़ा है।
अधिकारियों ने कहा कि 117 लोगों की मौत हुई जिससे मौत का कुल आंकड़ा 21,475 पहुंच गया। कोरोना वायरस संक्रमण के शुरुआती दौर से अब तक कुल मामलों की संख्या 1,225,889 पहुंच गई है।
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से स्कूलों को भी सोमवार को अचानक छुट्टी का एलान करना पड़ा। स्कूलों में कम से कम 30 फीसदी स्टाफ की जरूरत थी। मास्को के मेयर ने पिछले हफ्ते करीब 15 दिन स्कूल बंद करने का एलान किया था और निर्देश दिए थे कि कम से कम 30 फीसदी स्टाफ घर से ही काम करे।
अधिकारी अब दोबारा से सख्त लॉकडाउन के बारे में विचार कर रहे हैं। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि उन्हें इस बारे में पता नहीं है लेकिन नए प्रतिबंधों के तहत सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन होगा।
बता दें कि रूस ने अपनी पहली कोरोना वैक्सीन को रजिस्टर भी करा लिया है जबकि दूसरी वैक्सीन का ट्रायल भी खत्म हो चुका है और वह जल्द इसे भी रजिस्टर कराने की तैयारी कर रहा है। राष्ट्रपति पुतिन ने खुद कहा है कि वह इसी महीने (अक्तूबर में) कोरोना की दूसरी वैक्सीन लाने की तैयारी कर रहे हैं।