कोरोना वायरस ने अब तक पूरी दुनिया के 71.14 लाख से ज्यादा लोगों को संक्रमण का शिकार बना डाला है जबकि इससे मरने वालों में 4.06 लाख से ज्यादा लोग शामिल हो चुके हैं। इस बीच, पाकिस्तान में कुल संक्रमित लोगों की संख्या बड़ी तेजी से बढ़कर 1,03,671 हो गई है। वहीं, पाक में महामारी से मरने वालों की संख्या भी दो हजारा का आंकड़ा पार कर 2,096 हो गई है।
पाकिस्तान में संक्रमण काफी तेजी से फैल रहा है। यहां संक्रमितों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। पिछले 24 घंटे में ही पाकिस्तान के भीतर कोरोना वायरस के 4,728 मामले सामने आ चुके हैं। देश में सिंध और पंजाब की हालत सबसे बुरी है जहां क्रमश: 39,555 और 38,903 संक्रमित पहचाने जा चुके हैं।
अमेरिका, रूस और ब्राजील में जारी है कोरोना का कहर
कोरोना संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित देश अमेरिका है जहां कुल 1,03,671 मौतों के साथ ही संक्रमण का आंकड़ा 20 लाख को पार कर चुका है। वहीं, कोरोना संक्रमण के 7,10,887 से अधिक मामलों के साथ ब्राजील इसके बाद दूसरा सबसे प्रभावित देश है, जबकि रूस 4,76,658 से ज्यादा संक्रमितों के साथ दुनिया में तीसरे स्थान पर है। ब्राजील के बाद रूस में संक्रमितों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ रही है।
बांग्लादेश ने लॉकडाउन हटाया
तेजी से बढ़ते मामले और डॉक्टरों की चेतावनी के बावजूद बांग्लादेश सरकार ने रविवार को लॉकडाउन में ढील दे दी। यहां संक्रमण का खतरा शहरों में काफी ज्यादा है क्योंकि बेहद घनी आबादी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, हम लॉकडाउन हटा रहे हैं। जिंदगी अब पहले जैसी हो जाएगी। लोग पहले की तरह काम पर जा सकेंगे। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क पहनना जरूरी होगा।
पाकिस्तान के पूर्व पीएम अब्बासी और रेल मंत्री राशिद कोरोना से संक्रमित
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी और मौजूदा रेल मंत्री शेख राशिद अहमद कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज की प्रवक्ता मरियम औरंगजेब ने कहा, पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और पूर्व पीएम शाहिद खाकान अब्बासी सोमवार को जांच में पॉजीटिव पाए गए। वे सेल्फ-आइसोलेशन में हैं। उन्हें जरूरत पड़ने पर ही अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। वहीं रेल मंत्रालय के मुताबिक, मंत्री राशिद को डॉक्टरों ने 14 दिन तक क्वारंटीन पर भेज दिया है। डॉक्टरों की अगली सलाह पर ही तय होगा कि वह अस्पताल में रहेंगे या उनका घर में ही इलाज किया जाएगा।
चीन: कोरोना के 32 नए मामले
चीन में कोरोना वायरस के 32 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 16 में कोविड-19 का कोई लक्षण नहीं था। एनएचसी के अनुसार बाहर से आए 16 लोग संक्रमित पाए गए, जिनमें से सिचुआन प्रांत के 11, मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के तीन और गुआंगदोंग प्रांत के दो लोग हैं। देश में अब कुल 397 लोग चिकित्सीय निगरानी में हैं। ये बिना लक्षण वाले मरीज हैं।
दक्षिण कोरिया: 38 नए मामलों के बीच स्कूल खुले
दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस संक्रमण के 38 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से ज्यादातर मामले सियोल क्षेत्र से ही है। वहीं, सोमवार को यहां के स्कूलों को भी पूरी तरह से खोल दिया गया है।
आर्मीनिया के पीएम और उनका परिवार संक्रमित
आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनियन और उनके परिवार के सभी सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पाशिनियन ने सोमवार को एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि उन्हें बीमारी के कोई लक्षण नहीं थे, लेकिन उन्होंने सैन्य इकाइयों का दौरा करने से पहले अपनी जांच कराने का फैसला किया और जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रधानमंत्री ने कहा, मैं घर से काम करूंगा।
यूएन मुख्यालय को फिर से खोलने की तैयारी
कोरोना वायरस के चलते मार्च महीने के मध्य से बंद संयुक्त राष्ट्र को खोलने की तैयारी जोरों पर है। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय को तीन चरण में सामान्य करने की योजना बनाई जा रही है। सोमवार से न्यूयॉर्क शहर के फिर से खुलने का पहला चरण शुरू हुआ है। इसके बाद अब संयुक्त राष्ट्र भी तीन चरणों में अपनी सामान्य स्थिति में लौटने के लिए तैयार है।