अमेरिका के कोलोराडो में हुए हमले के बाद संदिग्ध आतंकी ने फलस्तीन के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद वह आम लोगों पर चिल्लाया। कुछ लोगों ने उसको रोकने की कोशिश की तो वह उनकी तरफ भी हमला करने के लिए बढ़ा। मगर तब तक पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
इससे पहले संदिग्ध हमलावर 45 वर्षीय मोहम्मद सबरी सोलिमन ने बोल्डर के पर्ल स्ट्रीट मॉल में उसने अस्थायी आग फेंकने वाले हथियार (makeshift flamethrower) का इस्तेमाल किया, जिससे छह लोग घायल हो गए। मॉल पर हमले के बाद संदिग्ध का एक वीडियो सामने आया है। इसमें संदिग्ध आतंकी शर्टलेस है और उसके हाथ में दो बोतले हैं। वह बार-बार चिल्ला रहा है कि जायोनीवादियों को खत्म करो। फलस्तीन को आजाद करो और वे हत्यारे हैं। इस दौरान कुछ लोग उसे रोकने की कोशिश करते हैं तो वह उन पर चिल्लाता भी है। बाद में एक पुलिसकर्मी ने हथकड़ी पहनाकर उसे हिरासत में ले लिया। एफबीआई ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस्राइली नागरिकों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान हुआ हमला
कोलोराडो में हमला उस समय हुआ जब एक स्वयंसेवी समूह- रन फॉर देयर लाइव्स (Run For Their Lives) शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था। गाजा में हमास के कब्जे में फंसे इस्राइली नागरिकों की रिहाई की मांग कर रहे लोग बड़ी संख्या में समर्थन जुटाने के मकसद से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान ही एक व्यक्ति मॉल में अचानक मोलोटोव कॉकटेल (आग लगाने वाली बोतलें) फेंक रहा था। घटना के एक वीडियो में एक चश्मदीद भी यह कह रहा है कि वह मोलोटोव कॉकटेल फेंक रहा है। एक पुलिसकर्मी को हथियार दिखाते हुए उस व्यक्ति की तरफ जाते हुए भी देखा गया। एफबीआई के डेनवर फील्ड ऑफिस के प्रभारी विशेष एजेंट मार्क मिचलेक ने कहा कि दुख की बात है कि इस तरह के हमले पूरे देश में आम होते जा रहे हैं। यह इस बात का उदाहरण है कि हिंसा करने वाले लोग पूरे देश में समुदायों को कैसे धमकाते रहते हैं?
ये भी पढ़ें: अमेरिका के मॉल में आतंकी हमला; कई लोगों के हताहत होने की खबर; FBI चीफ बोले- जांच जारी
मच गई अफरातफरी
प्रदर्शन में शामिल हुईं 72 वर्षीय लिन सेगल बताती हैं कि जब वे न्यायालय के सामने अपना मार्च समाप्त कर रहे थे, तभी उनके सामने दो बड़ी लपटें उठीं। यहां अफरातफरी मच गई। लोग आग बुझाने और मदद के लिए पानी ढूंढने में लगे थे। सेगल ने कहा कि वे अपने पिता की ओर से यहूदी हैं तथा 40 से अधिक वर्षों से फलस्तीन का समर्थन करती रही हैं। कुछ लोग जल रहे थे, मैं उनकी मदद करना चाहती थी। लेकिन मैं अपराधी के साथ जुड़ना नहीं चाहती थी।
एफबीआई ने बताया आतंकी कृत्य
एफबीआई का मानना है कि संदिग्ध ने अकेले ही यह काम किया और किसी अन्य की तलाश नहीं की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि वे सोलिमन को जवाबदेह ठहराने के लिए कदम उठाएंगे। वह भी घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। एफबीआई अफसरों ने हमले को आतंकवादी कृत्य घोषित कर दिया। वहीं न्याय विभाग ने इसे यहूदी अमेरिकियों के खिलाफ हुए हमलों के बाद की एक अनावश्यक हिंसा की कार्रवाई बताकर इसकी निंदा की। एफबीआई के उप निदेशक डैन बोंगिनो ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रारंभिक सूचना, साक्ष्य और गवाहों के बयानों के आधार पर इस आतंकी कृत्य की जांच हिंसा के रूप में की जा रही है। जब तथ्य इसकी पुष्टि करेंगे, तब हम इन घटनाओं पर स्पष्ट रूप से बात करेंगे।
ये भी पढ़ें: रक्षा खर्च बढ़ाने की तैयारी कर रहा ब्रिटेन, रूस को भेजेगा सख्त संदेश; शीत युद्ध के बाद सबसे बड़ा कदम
इस्राइल-हमास युद्ध के बाद बढ़ा तनाव
हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और दुनिया भर में इस्राइल-हमास युद्ध के कारण तनाव बढ़ा है। 7 अक्तूबर 2023 को शुरू हुए इस हिंसक संघर्ष में हमास के आतंकियों ने इस्राइल में घुसकर 1200 लोगों की हत्या कर दी थी। इस्राइली सेना की जवाबी कार्रवाई में गाजा में अब तक 50 हजार से अधिक लोग मारे गए हैं। 58 बंधक अब भी गाजा में हमास के कब्जे में मौजूद हैं। पश्चिम एशिया में बीते करीब 20 महीने से जारी इस्राइल हमास संघर्ष में कितने लोग मारे गए हैं, इस संबंध में गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि 54 हजार से अधिक लोग मारे गए हैं। हिंसा के कारण वहां की 90% आबादी विस्थापित हो चुकी है। वे पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय सहायता पर निर्भर हैं।