कोका-कोला के वैश्विक मुख्यालय में सचिव को पेप्सी को एक नए उत्पाद के बेहद गोपनीय व्यापार जानकारी बेचने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जानकारी के मुताबिक जोया विलियम्स ने अपने साथियों इब्राहिम डिमसन और एडमंड दुहनी के साथ मिलकर कोका-कोला की चोरी की गई जानकारी को 1.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर (12.6 करोड़ रुपये) की भारी कीमत पर बेचने की साजिश रची। हालांकि, ये साजिश तब नाकाम हो गई जब पेप्सी ने मौके का फायदा उठाने के बजाय कोका-कोला और एफबीआई को इस अवैध डील की सूचना दे दी।
FBI ने ऐसे किया डील का भंडाफोड़
बता दें कि कोका-कोला के वैश्विक ब्रांड निदेशक के सहायक के रूप में काम करने वाली जोया विलियम्स को एक नए गुप्त उत्पाद वाली शीशी चुराने और बेचने का प्रयास करते हुए पकड़ा गया था। एफबीआई ने एक गुप्त ऑपरेशन में अपराधियों को पकड़ने के लिए पेप्सी के अधिकारियों के रूप में काम किया। इस सबके दौरान जोया विलियम्स के सहयोगी इब्राहिम डिमसन ने कोका-कोला के गोपनीय दस्तावेज और शीशी को $30,000 के बदले में सौंप दिया, जिसे एक पीले रंग की गर्ल स्काउट कुकी बॉक्स के अंदर छिपाया गया था। ये अंडरकवर ऑपरेशन जोया विलियम्स और उसके साथियों की गिरफ्तारी के साथ हुआ, जो उनके अवैध सौदे के पूरा होने से पहले ही गिरफ्तार कर लिए गए।
पेप्सी के फैसले की जमकर की गई प्रशंसा
वहीं इस मामले के खुलासे के बाद सरकारी वकील डेविड नहमियास ने पेप्सी के फैसले की प्रशंसा की। एक समाचार पत्र के अनुसार, उन्होंने कहा, उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि व्यापार की गुप्त जानकारी व्यापार करने वाले समुदाय में सभी के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्हें एहसास है कि अगर उनके गुप्त व्यापार जानकारियों का उल्लंघन किया जाता है, तो वे सभी पीड़ित होते हैं, बाजार पीड़ित होता है और पूरा व्यवसाय इससे प्रभावित होता है।
जोया विलियम्स और उनके साथियों पर अवैध रूप से व्यापार रहस्य चुराने और बेचने का आरोप है। जोया विलियम्स पर अवैध रूप से व्यापार रहस्य चुराने और बेचने का आरोप लगाया गया था। उन पर एक झूठे नाम से पेप्सी को एक पत्र लिखने का आरोप है, जिसमें उन्होंने कोक के आंतरिक दस्तावेजों और शीशी के लिए 10,000 अमेरिकी डॉलर (8,41,373 रुपये) की मांग की थी।