रूस व यूक्रेन के बीच गहराती जंग की आशंका के बीच कीव स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों, खासकर विद्यार्थियों को देश छोड़ने का निर्देश दिया है।
यूक्रेन की राजधानी कीव में भारतीय दूतावास ने मंगलवार को यह निर्देश दिए। दूतावास ने कहा कि मौजूदा अनिश्चिततापूर्ण स्थिति को देखते हुए भारतीय, खासकर विद्यार्थी, जिनका यहां रहना जरूरी नहीं है, अस्थाई रूप से यूक्रेन छोड़ दें। दूतावास ने सभी भारतीयों से यह भी कहा कि वे यूक्रेन में सभी गैर जरूरी यात्राएं टालें।
दूतावास के संपर्क में रहें भारतीय
दूतावास ने यूक्रेन में मौजूद भारतीयों से कहा है कि वे कीव दूतावास के संपर्क में रहें, ताकि जब भी जरूरत हो उन तक पहुंच सकें। दिशा-निर्देशों में यह भी कहा गया है कि दूतावास लगातार सामान्य रूप से कामकाज जारी रखेगा और यूक्रेन में रह रहे भारतीयों को सारी सेवाएं प्रदान करेगा। इससे पहले 26 जनवरी को भारतीय दूतावास ने यूक्रेन में रहने वाले सभी भारतीयों से कहा था कि वे पंजीयन करा लें, ताकि उन्हें कोई भी सूचना तेजी से पहुंचाई जा सके।