Chinese FM Wang Yi Pakistan Visit: चीन के विदेश मंत्री वांग यी आज से भारत के दौर पर पहुंचने वाले हैं। वहीं एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वे जल्द ही पाकिस्तान का भी दौरा करेंगे। जानकारी के मुताबिक उनका यह दौरा दो दिन का होगा और इसकी शुरुआत 21 अगस्त से होगी।
चीन के विदेश मंत्री वांग यी इस हफ्ते पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद पहुंचेंगे। उनका यह दौरा दो दिन का होगा और इसकी शुरुआत 21 अगस्त से होगी। वांग यी यहां पाकिस्तान-चीन रणनीतिक संवाद में हिस्सा लेंगे और पाकिस्तान की राजनीतिक तथा सैन्य नेतृत्व से मुलाकात करेंगे।
द्विपक्षीय रिश्तों की समीक्षा
अपने इस दौरे के दौरान चीनी विदेश मंत्री वांग यी पाकिस्तान और चीन के बीच मौजूदा रिश्तों की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही दोनों देश क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी चर्चा करेंगे। वांग यी का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब हाल ही में कई बड़े घटनाक्रम सामने आए हैं।
विज्ञापन
इसमें भारत-पाकिस्तान टकराव (मई में 4 दिन का संघर्ष), ईरान-इस्राइल युद्ध व पाकिस्तान और अमेरिका के रिश्तों में हालिया नजदीकियां भी शामिल हैं। इन परिस्थितियों में पाकिस्तान और चीन अपने सहयोग को और गहरा करने के रास्तों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री शरीफ की चीन यात्रा पर बातचीत
जानकारी के मुताबिक, वांग यी की इस यात्रा के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की आगामी चीन यात्रा का एजेंडा भी तय किया जाएगा। माना जा रहा है कि शरीफ इसी महीने चीन जाएंगे, जहां वे शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और चीनी नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।
पाकिस्तान और चीन दोनों ही मौजूदा भू-राजनीतिक माहौल में अपने रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर दे रहे हैं। वहीं चीनी विदेश मंत्री वांग यी का यह दौरा न सिर्फ दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देगा, बल्कि क्षेत्रीय समीकरणों में भी अहम भूमिका भी निभा सकता है।