चीन की बढ़ती सैन्य ताकत के बारे में अमेरिका द्वारा पेश की गई रिपोर्ट को लेकर ड्रैगन तिलमिला गया है। उसने अमेरिका को साफ कहा है कि इस रिपोर्ट ने दोनों देशों के आपसी विश्वास को नुकसान पहुंचाया है। उसने अमेरिका पर जानबूझकर ऐसी रिपोर्ट पेश कर उसकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है।शुक्रवार को अमेरिकी संसद में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत और दक्षिण चीन सागर (एससीएस) में उसके सैन्य इस्तेमाल को लेकर रिपोर्ट पेश की गई।
चीन ने अमेरिका पर अपनी सैन्यशक्ति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करने का आरोप लगाया है। चीन ने कहा कि इस रिपोर्ट में उसकी सैन्यशक्ति को गलत तरीके से पेश किया गया है। चीन के रक्षा प्रवक्ता कर्नल यांग युजुन ने कहा कि अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन की रिपोर्ट में चीन की सैन्यशक्ति को गलत रूप से पेश कर इसे एक खतरा बताया गया है, जो कि सरासर गलत है। यांग ने कहा कि इस रिपोर्ट ने दोनों देशों के बीच बने आपसी विश्वास के माहौल को खराब किया है।
उन्होंने अमेरिका को हिदायत दी कि उसे दोनों देशों के बीच बेहतर और स्वस्थ संबंधों को बढ़ावा देने के लिए काम करना चाहिए। यांग ने कहा कि चीन की एक रक्षा नीति है और उसके तहत कई क्षेत्रों में सेना की तैनाती सिर्फ अपनी सीमा की रक्षा करने के लिए है। दक्षिण चीन सागर को लेकर यांग ने कहा कि इस क्षेत्र में चीन नहीं, बल्कि अमेरिका खुद सैन्य गतिविधियों को अंजाम दे रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका उनकी हर गतिविधि को शक की नजर से देखता है।