चीनी सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है जिसने मानवाधिकारों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां एक बेहद कमजोर बुजुर्ग महिला को बेटे और बहू ने कई वर्षों से सुअरों के बाड़े में कैद कर रखा था। इस वीडियो और तस्वीरों को जिसने भी देखा उसकी रूह कांप उठी।
यहां एक स्थानीय महिला ने लोकप्रिय वीडियो सेवा मियाओपाई पर यह वीडियो 6 जनवरी को पोस्ट किया था। कमरे में जाली के पीछे से छुपकर लिया गया यह वीडियो अब तक 18 लाख बार देखा जा चुका है। इसे 10 जनवरी को यहां के अखबार सदर्न मॉर्निंग पोस्ट ने जब प्रकाशित किया तो मामला तूल पकड़ गया। अखबार के मुताबिक 92 वर्ष की इस बुजुर्ग महिला का नाम यांग है जो 10 वर्ग मीटर के उस कमरे में रहने को मजबूर थी जहां सूअरों को रखा जाता था। यांग यहीं रखी लकड़ी की बैंच पर सोती थी।
माना जा रहा है कि संभवतया यह महिला वहां अपनी मर्जी से रह रही हो, ऐसे में दोषी किसे कहा जाए यह बहस का विषय है। जिस महिला ने यह वीडियो पोस्ट किया है उसने सवाल उठाया है कि - आप किसी भी इंसान को ऐसे रहने के लिए आखिर कैसे छोड़ सकते हैं, और वह भी तब जबकि उसे कई दिनों से खाना तक न दिया गया हो। अखबार ने बताया कि अब स्थानीय लोग यांग का इलाज भी कर रहे हैं और उन्हें खाना व कपड़े भी मुहैया करा रहे हैं। लेकिन इस वीडियो और इससे जुड़ी तस्वीरों को अब तक जिसने भी देखा उसने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उसकी रूह कांप गई है।