भारत ने सोमवार को कहा कि ब्रिक्स देशों को संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद को लेकर एक व्यापक सम्मेलन की जरूरत के प्रयासों को तेज करना चाहिए। पाकिस्तान को संदर्भ में रखते हुए भारत ने यह भी कहा कि अच्छे व बुरे आतंकवाद के मापदंडों पर भी स्पष्ट मत रखने की जरूरत है। भारत ने यह मत ऐसे समय रखा है जब चीन में ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्री अगली समिट के लिए एजेंडा तय करने के तहत बैठक कर रहे हैं।
इस बैठक में हिस्सा ले रहे केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने कहा कि बुरा या अच्छा आतंकवाद जैसी कोई चीज नहीं होती। वैश्विक शांती को भंग करने वाले सभी अपराधियों को दंड मिलना चाहिए। सभी मानते हैं कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। ऐसे में आतंकवाद पर अलग-अलग धारणाएं तय नहीं की जा सकती।
उन्होंने यह भी कहा कि हमें संयुक्त राष्ट्र में आतंकवाद को लेकर एक व्यापक सम्मेलन की पैरवी करनी चाहिए, जिस पर काफी समय से गौर नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि भारत की चिंताओं के बावजूद लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख आतंकवादी हाफिज सईद पर चीन का रुख बेहद नर्म है। ऐसे में भारत ने चीन को अपनी नीतियों में बदलाव करने की सलाह के तहत यह बयान दिया है।