भारत और चीन के बीच गतिरोध चरम पर है। सीमा पर जारी तनातनी के बीच चीन लगातार भारत को अपनी ताकत दिखाने और युद्ध की धमकी दे रहा है। इसी कड़ी में आज चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी भारत को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि सीमा पर पीछे हटे बिना दोनों देशों के बीच किसी तरह की बातचीत संभव नहीं है।
मंत्रालय के प्रवक्ता ने धमकी वाले अंदाज में कहा कि हम अपनी सीमाओं की रक्षा करना अच्छी तरह जानते हैं और जल्द ही भारत को इसका एहसास हो जाएगा। खास बात ये है कि चीन का ये बयान भारतीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की बिजिंग यात्रा से कुछ दिन पहले आया है, जिसमें वह सीमा पर जारी विवाद को हल करने के लिए अपने चीनी समकक्ष से बातचीत करेंगे।
चीन के विदेश मंत्री वांग ने सीमा पर तैनात भारतीय सेना को पीछे हटने के लिए कहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि 'भारतीय अधिकारियों ने यह माना है कि चीनी सेना ने भारतीय सीमा पर घुसपैठ नहीं की है, जिसका साफ मतलब है कि भारतीय सैनिकों ने चीन सीमा पर अतिक्रमण किया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने साफ कर दिया कि चीनी सीमा से भारतीय सैनिकों की वापसी सार्थक द्विपक्षीय बातचीत की पहली शर्त है।
हम भारत से अपनी सेना को तुरंत वापस बुलाने की मांग करते हैं, इसके बिना किसी भी तरह की बातचीत बेनतीजा है। प्रवक्ता ने साफ कर दिया कि पूरे इलाके की शांति और स्थिरता भारत पर ही निर्भर है।