चीन का दूसरा विमानवाहक पोत जल्द ही अपना पहला समुद्री परीक्षण शुरू करने वाला है। चीन की इस कामयाबी को राष्ट्रपति शी जिनपिंग की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर पेश किया जाएगा। पोत को अक्तूबर में समुद्र में उतारे जाने की संभावना है।
विमानवाहक पोत टाइप 001ए का निर्माण करने वाली कंपनी चाइना शिपबिल्डिंग इंडस्ट्री कॉरपोरेशन के प्रमुख हु वेनमिंग ने बताया कि हमारी टीम ने निर्धारित समय से पहले ही इस ‘प्रमुख परियोजना’ को पूरा कर लिया है। चीन के पास अब तक एक विमानवाहक पोत है, जिसका नाम टाइप 001 लियोनिंग है।
पढ़ेंः- चीन को घेरने के लिए ब्रिटेन का प्लान, दक्षिण चीन सागर में करेगा युद्धपोतों की तैनाती
लियोनिंग ने 2012 में काम करना शुरू किया था। टाइप 001ए चीन का पहला स्वदेशी विमानवाहक पोत है। इसके बारे में कहा जा रहा है कि यह न केवल देखने में प्रभावी है, बल्कि आंतरिक रूप से बेहद मजबूत और शक्तिशाली भी है।
ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, डलियन शिपबिल्डिंग इस पर महत्वपूर्ण उपलब्धियों को गिनाते हुए 19वां सीपीसी नेशनल कांग्रेस की तैयारी कर रहा है। टाइप 001ए टाइप 001 लियोनिंग का अपडेट वर्जन है। 001ए का वजन करीब 70 हजार टन है, लंबाई 315 मीटर और चौड़ाई 75 मीटर है। यह समुद्र पर 31 नॉट की रफ्तार से चल सकता है।