उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच तनातनी में चीन की भूमिका क्या होगी, इस पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक ट्वीट के जरिए साफ कर दिया कि उत्तर कोरिया की दागी मिसाइल का जवाब बातचीत नहीं है। इसके बाद चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ छुनइंग ने मसले पर देश की स्थिति स्पष्ट की।
मंत्रालय की ओर से जारी बयान में छुनइंग ने कहा कि जिन देशों ने यह स्थिति पैदा की है उन्हें ही इसका समाधान खोजना चाहिए। उन्होंने कहा, जो आप बोएंगे, वही काटेंगे, चीन इस पर विश्वास करता है। जिन्होंने ये स्थिति पैदा की है, उन्हें ही इसका हल तलाशना चाहिए।
पढ़ें: अमेरिकी रिपोर्ट का दावा, आधुनिक तरीके से मजबूत नौसेना तैयार कर रहा चीन
चीन का जवाब
उत्तर कोरिया के विवाद पर चीनी प्रवक्ता ने कहा, मैं इस बात पर जोर देना चाहती हूं कि चीन ने कोरिया से परमाणु हथियारों को खत्म करने पर बात कही है। सुरक्षा परिषद् के प्रस्तावों के तहत हम काम कर रहे हैं। इस मामले में चीन की भूमिका निष्पक्ष है और हमलोग सकारात्मक तरीके से प्रयास कर रहे हैं।
पढ़ें: भूस्खलन ने चीन में मचाई भारी तबाही, 30 लोगों की मौत, 12 लापता
चीन की भूमिका को लेकर सवाल उठाने वाले देशों पर उन्होंने कहा, हमने देखा है कि वे लोग अपने फायदे के लिए दूसरों पर उंगली उठाते हैं। लेकिन मैं चीन पर दबाव बनाने वाले तमाम देशों से ये पूछना चाहती हूं कि क्या वे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों को सही तरीके से पालन कर रहे हैं? उन्होंने उत्तर कोरिया के परमाणु मसले के समाधान के लिए संबंधित देशों को कदम उठाने को कहा।