चीन ने बृहस्पतिवार को कहा कि रक्षा क्षेत्र में भारत एवं रूस के साथ सहयोग के मामले में उसका रुख स्पष्ट है। साथ ही उसने उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि पाकिस्तान की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए बीजिंग ने चीन, भारत एवं रूस के बीच त्रिपक्षीय बातचीत के लिए मॉॅस्को की ओर से दिए गए प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।
चीनी के रक्षा मंत्रालय ने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा, ‘रक्षा क्षेत्र में चीन-रूस-भारत सहयोग को लेकर चीन का रुख स्पष्ट है और वह तीनों देशों के रक्षा मंत्रालयों के नेताओं की बैठक पर सभी पक्षों के साथ संवाद कायम रखने का इच्छुक है।’
चीन के रक्षा मंत्रालय से उन खबरों के बारे में पूछा गया था, जिनमें कहा गया था कि बीजिंग ने पाकिस्तान की संवेदनशीलता और दलाईलामा को अरुणाचल प्रदेश जाने की अनुमति देने के नई दिल्ली के फैसले को ध्यान में रखते हुए चीन, भारत एवं रूस के बीच त्रिपक्षीय बातचीत के लिए मॉॅस्को की ओर से दिए गए प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।