अमेरिका के विरोध के बावजूद चीन दक्षिण चीन सागर में अपनी पैठ बनाने में जुटा हुआ है। ड्रैगन ने यहां तैयार अपने द्वीप पर रडार तैनात कर दिया है। उसने यहां लाइटाहउस, भूमिगत बंकर और हेलिपैड समेत अन्य चीजों का निर्माण कर लिया है।
अमेरिकी थिंक टैंक ने सेटेलाइट से ली गई तस्वीरों के आधार पर यह जानकारी दी है। इस निर्माण को लेकर अमेरिका और चीन के बीच तल्खी और बढ़ सकती है।
अमेरिकी थिंक टैंक सेंटर फॉर स्ट्रैटजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज (सीएसआईएस) ने ये सेटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं। ये तस्वीरें ऐसे समय पर जारी हुई हैं, जब चीनी विदेश मंत्री अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ वार्ता करने अमेरिका पहुंच रहे हैं। वांग यी और जॉन केरी के बीच इस मसले पर बात होने की संभावना है।
हवाई मार्गों पर नजर रखना आसान हो जाएगा
पिछले हफ्ते ही अमेरिका ने दावा किया था कि चीन ने सागर में जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल तैनात कर दी है। थिंक टैंक ने चिंता जताते हुए कहा है कि रडार लगाने से चीन के लिए दक्षिण चीन सागर तक पहुंचने वाले हवाई मार्गों पर नजर रखना आसान हो जाएगा।
हवाई दक्षिण चीन सागर नहीं
अमेरिका ने चीन के उस दावे का कड़ा जवाब दिया है, जिसमें उसने कहा था कि जो भी वह दक्षिण चीन सागर में कर रहा है, वह अमेरिका द्वारा हवाई में की जा रही कार्रवाई की तरह ही है।
व्हाइट हाउस ने इस दावे को नकारते हुए कहा है कि किसी दूसरे देश ने हवाई पर दावा नहीं किया है, जबकि दक्षिण चीन सागर पर कई देशों ने अपना दावा ठोका है।