शहर में लगातार बढ़ती जा रही गाड़ियों की बेतहाशा भीड़ और स्मॉग की समस्या से निपटने के लिए बीजिंग ने इस साल के शुरुआती 4 महीनों में अब तक 1,80,000 गाड़ियों की सड़क से छुट्टी कर दी है। यह सभी गाड़ियां पुरानी थी और प्रदूषण फैला रही थी।
2015 में प्रकाशित एक एक्शन प्लान के मुताबिक बीजिंग ने 2013 से 2017 की अवधि के दौरान प्रदूषण फैलाने वाली 10 लाख पुरानी गाड़ियों को सड़क से हटाने का लक्ष्य रखा था। हालांकि बीजिंग को अभी भी अपने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए 3 लाख कारों को इस साल के अंत हटाना है। बीजिंग के ‘नगर पर्यावरण संरक्षण ब्यूरो’ ने बृहस्पतिवार को बताया कि राजधानी में करीब 57 लाख गाड़ियां है, जो कि शहर में फैल रही लगभग आधी ‘नाइट्रोजन ऑक्साइ़ड’ गैस के उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार है, और यह गैस ही स्मॉग का प्रमुख स्त्रोत भी है।
चीन के पर्यावरण मंत्री चेन जिनिंग के मुताबिक बीजिंग में फैले पार्टिकुलेट मैटर के लिए 31 प्रतिशत केवल ट्रैफिक ही जिम्मेदार है। गौरतलब है कि बीजिंग में इस साल के शुरुआती दो महीनों में पीएम 2.5 का स्तर 95 प्रति क्यूबिक मीटर मापा गया था। जबकि वर्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन के मुताबिक पीएम 2.5 का स्तर 10 माइक्रोग्राम तक होना चाहिए। बीजिंग शहर ने 2017 तक इसे औसतन 60 माइक्रोग्राम तक कम करने का लक्ष्य रखा है। बीजिंग में 2012 के मुकाबले अब तक पीएम 2.5 के स्तर में 25 प्रतिशत की कमी आई है।