एशिया टाइम्स फाइनेंशियल की रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन के औद्योगिक क्षेत्र जिनहुआ में औद्योगिक क्षेत्र में रोजगार पाए लोगों की संख्या 2017 के बाद के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। इसी क्षेत्र में मौजूद यिवू शहर में थर्मस फ्लास्क बनाने वाली एक फैक्टरी के मालिक देंग जिनलिंग ने इस अखबार को बताया कि इस साल की पहली छमाही में इस फैक्टरी से 50 मजदूरों को हटा दिया गया था।
लेकिन अब उन्हें फिर बहाल कर लिया गया है। साथ ही कंपनी नए योग्य कर्मचारियों की तलाश में है, जो फिलहाल उसे नहीं मिल पा रहे हैं। देंग ने बताया कि उनकी कंपनी को पश्चिम एशिया, अमेरिका और यूरोप से बड़े पैमाने पर हाल में ऑर्डर मिले हैं।
बीजिंग स्थित रेनमिन यूनिवर्सिटी के श्रमिकों के बारे से संबंधित इंडेक्स के मुताबिक तीसरी तिमाही में ये सूचकांक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। मजदूरों के लिए बढ़े अवसर के कारण कई जगहों पर उनके वेतन में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। उन जगहों पर एक आम ग्रेजुएट कर्मचारी को फिलहाल औसत से अधिक मेहताना मिल रहा है।
चीन के साइकिल उद्योग के मुताबिक 2020 उसके लिए हाल का सबसे अच्छा साल साबित हुआ है। ऐसा विदेशों में लोगों की पब्लिक ट्रांसपोर्ट से बचने की कोशिश और व्यायाम के लिए साइकिल का उपयोग बढ़ने की वजह से हुआ है। ग्वांगझाउ स्थित ट्रिंक्स बाइक्स के जेनरल मैनेजर ने एशिया टाइम्स से फाइनेंशियल से कहा कि उनकी कंपनी के पास सितंबर और अक्टूबर में उसकी उत्पादन क्षमता से अधिक ऑर्डर थे। इसलिए उसे नए कर्मचारी भर्ती करने पड़े।
चीन के कारखानों के सामन मजदूरों की कमी के अलावा एक और समस्या कंटेनरों की कमी की है। जिन कंटेनरों में चीजों को निर्यात किया जाता है, उनके वापस आने में एक तय वक्त लगता है। कोरोना महामारी के कारण समुद्री यात्रा में कई जगह रुकावटें हैं, इसलिए कंटेनरों की वापसी में ज्यादा समय लग रहा है। लेकिन फिलहाल चीन के नीति निर्माता निर्यात में हुई तेज बढ़ोतरी से खुश हैं। जिस वर्ष चारों तरफ गिरावट का अंदेशा था, चीन के लिए ये साल कई अर्थों में वरदान साबित हो रहा है।