पेलोसी के बाद साई से मिले राल्फ गोंजाल्विस
नए अभ्यास की घोषणा से कुछ समय पहले, ताइवान के राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के प्रधानमंत्री राल्फ गोंजाल्विस से मुलाकात की। उन्हें बताया कि वह चीन के सैन्य दबाव के बावजूद यात्रा करने के उनके दृढ़ संकल्प से प्रभावित हुईं। गोंजाल्विस ने कहा, चीनी सैन्य अभ्यास हमें ताइवान में दोस्तों से मिलने से नहीं रोक सकेंगे। नैंसी पेलोसी के बाद छिड़े तनाव के बीच गोंजाल्विस दूसरे राजनयिक हैं जो ताइवान पहुंचे।
बौखलाया चीन बोला, अमेरिका को भुगतने होंगे गंभीर परिणाम
चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता वू कियान ने एक बार फिर बौखलाहट दिखाई है। वू ने कहा, ताइवान जलडमरूमध्य में मौजूदा तनावपूर्ण स्थिति पूरी तरह से अमेरिकी पक्ष द्वारा उकसाई और बनाई गई है। अमेरिकी पक्ष को इसके लिए पूरी जिम्मेदारी लेनी होगी और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
ऑस्ट्रेलिया ने की तनाव कम करने की अपील
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग ने ताइवान के आसपास जारी तनाव में कमी लाने की अपील की है। इससे पहले वोंस ने नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा के परिणामस्वरूप चीन द्वारा शुरू किए गए अभ्यास की आलोचना की थी। चीनी दूतावास ने ऑस्ट्रेलिया पर अमेरिका की भाषा बोलने का आरोप लगाया। इस चीनी टिप्पणी पर वोंग ने कहा, इस समय तनाव कम करना सबसे महत्वपूर्ण है। इस मामले में शांति बहाल की जानी चाहिए।