अरुणाचल प्रदेश से लगती है चीन की सीमा।
- फोटो : Social Media
भारत के खिलाफ चीन के नापाक इरादें किसी से छिपे नहीं है। वह लगातार अपनी हरकतों की वजह से दुनिया के निशाने पर आत रहता है। उसने एक बार फिर से अरुणाचल प्रदेश पर अपनी निगाहें डाली हैं। दरअसल, चीन ने अरुणाचल प्रदेश के 30 शहरों को अपना नाम देने की कोशिश की है। इसके लिए पड़ोसी देश द्वारा बकायदा चौथी सूची जारी की गई है। इस सूची में अरुणाचल प्रदेश के 30 शहरों के नाम बदले हैं। भारत ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
China Row: 'अगर आपके घर का नाम बदल दूं, तो क्या वह मेरा हो जाएगा', अरुणाचल को लेकर चीन के दावे पर बोले जयशंकर
30 जगहों के नाम बदले
चीन के नागरिक मामलों के मंत्रालय ने यह फैसला लिया है। मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट में बताया गया है कि अरुणाचल प्रदेश की 30 जगहों के नाम बदले गए हैं। चीन द्वारा एक रिपोर्ट जारी की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 1 मई से यह आदेश लागू करने के लिए अनुच्छेद 13 में प्रावधान किया गया है। आगे बताया गया है कि चीन के क्षेत्रीय दावों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाने वाली विदेशी भाषाओं में नामों को बिना प्राधिकरण सीधे अनुवाद नहीं किया जाएगा।
अरुणाचल प्रदेश पर दावा ठोकता रहा है चीन
बता दें कि अरुणाचल प्रदेश पर चीन लगातार अपना दावा ठोकता रहा है। चीन ने अरुणाचल प्रदेश को जांगनान नाम दिया है। भारत के इस राज्य को पड़ोसी देश तिब्बत का क्षेत्र बताता है। इससे पहले चीनी नागरिक मामलों के मंत्रालय ने 2017 में अरुणाचल प्रदेश में छह जगहों के नामों की बदलने की पहली लिस्ट जारी की थी। इसके बाद 2021 में 15 स्थानों ने नाम बदलने की दूसरी लिस्ट जारी की गई। 2023 में तीसरी लिस्ट जारी की गई और 11 स्थानों के नाम बदले गए। अब चीन द्वारा चौथी लिस्ट जारी कर 30 जगहों के नाम बदले गए हैं।