बता दें कि भारत और चीन के बीच लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर बढ़ रहे सैन्य तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 27 मई को इस मामले के हल के लिए मध्यस्थ बनने की पेशकश की थी। उन्होंने एक ट्वीट में कहा था कि हमने चीन और भारत दोनों से कहा है कि अमेरिका दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव को कम करने के लिए मध्यस्थता करना चाहता है और इसके लिए तैयार है।
वहीं, भारतीय विदेश मंत्रालय ने साफ कहा है कि हम शांतिपूर्ण तरीके से इस मामले के हल के लिए चीन से संपर्क में हैं। मंत्रालय ने लद्दाख की स्थिति के बारे में कहा कि चीन के साथ इस विवाद के हल के लिए भारतीय सेना मानकों का सख्ती से पालन कर रही है। मंत्रालय ने कहा कि हमारी सेना ने सीमा प्रबंधन को लेकर सकारात्मक रुख अख्तियार किया है। मंत्रालय ने लद्दाख गतिरोध पर कहा कि भारत और चीन ने बातचीत के माध्यम से सीमा मुद्दों को हल करने के लिए सैन्य और राजनयिक स्तरों पर तंत्र स्थापित किए हैं।
उधर, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें अत्यंत सज्जन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पसंद हैं। ट्रंप ने गुरुवार को ओवल कार्यालय में व्हाइट हाउस के संवाददाताओं से कहा, 'मुझे मोदी पसंद है। मुझे आपके प्रधानमंत्री काफी पसंद हैं। वह अत्यंत सज्जन व्यक्ति हैं। वह शानदार काम कर रहे हैं।' उन्होंने एक पखवाड़े से भी कम समय में दूसरी बार मोदी से बातचीत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, 'मैं जानता हूं (कि मैं भारत में लोकप्रिय हूं)। भारत के लोग मुझे पसंद करते हैं। निश्चित ही वे मुझे इस देश की मीडिया से अधिक पसंद करते हैं।'
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की और वह दोनों देशों के बीच बड़े टकराव को लेकर अच्छे मूड में नहीं हैं। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि भारत और चीन के बीच एक बड़ा टकराव चल रहा है।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह भारत और चीन के बीच सीमा पर बने हालात से चिंतित हैं, इस पर ट्रंप ने कहा, 'भारत और चीन के बीच बड़ा टकराव है। दो देश और प्रत्येक की आबादी 1.4 अरब। दो देश जिनके पास बहुत शक्तिशाली सेनाएं हैं। भारत खुश नहीं है और संभवत: चीन भी खुश नहीं है। ट्रंप ने कहा, 'मैंने प्रधानमंत्री मोदी से बात की। चीन के साथ जो भी चल रहा है वह उससे खुश नहीं हैं।'
हालांकि, भारत ने ट्रंप के इस बयान का खंडन करते हुए कहा कि हाल फिलहाल पीएम मोदी के साथ ट्रंप की कोई बातचीत नहीं हुई है।