चीन ने भारत से जारी सीमा विवाद में मध्यस्थता के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्ताव को खारिज कर दिया। बृहस्पतिवार को चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने लिखा, भारत के साथ विवाद सुलझाने में अमेरिका की मदद की जरूरत नहीं है। पहले भी दोनों देशों का नेतृत्व 2017 में दोकलम विवाद को आपसी समझ और बुद्धिमत्ता से सुलझा चुका है।
दोनों देशों को क्षेत्रीय शांति और स्थिरता में बाधा बनने की अमेरिकी कोशिशों से सतर्क रहना चाहिए। भारत के विदेश मंत्रालय ने भी ट्रंप की मध्यस्थता की पेशकश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इस मामले में तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है। शांति से मुद्दे को सुलझाने के लिए हम चीन के संपर्क में हैं।
बता दें कि बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री कार्यालय में चर्चा की थी। पीएम ने मंगलवार को लद्दाख मामले पर रिपोर्ट ली थी, तीनों सेना के प्रमुखों से विकल्प सुझाने के लिए कहा गया था। इसके अलावा भारतीय सेना के शीर्ष कमांडर की भी एक बैठक हो चुकी है।
बता दें कि पूर्वी लद्दाख में भारत-चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास पिछले कुछ दिनों से चीन की तरफ से सैन्य गतिविधियों के बढ़ने के बाद से दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति है। वहीं भारत अपनी सीमा में सड़क निर्माण कर रहा है, जिसका चीन विरोध कर रहा है।