कोरोना वैक्सीन (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
चीन का जियाक्सिन शहर आपात स्थिति में सिनोवैक कोरोना वैक्सीन बेचने को तैयार है। वैक्सीन की कीमत भी उसने तय कर दी है। खबरों के मुताबिक, आवश्यक श्रमिकों और अन्य उच्च जोखिम समूह वाले लोगों को लगभग 60 डॉलर यानी करीब साढ़े चार हजार रुपये में वैक्सीन बेचने की बात कही गई है।
रोग नियंत्रण और रोकथाम (सीडीसी) के लिए पूर्वी शहर जियाक्सिन के केंद्र ने वीचैट पर एक बयान में कहा कि कोरोनावैक नामक वैक्सीन की कीमत 200 युआन (29.75 डॉलर प्रति खुराक) यानी करीब 2200 रुपये होगी
रिपोर्ट के मुताबिक, चीन ने इमरजेंसी एप्रूवल के तहत स्वास्थ्य आदि आवश्यक सेवाओं से जुड़े लाखों कर्मचारी और उच्च जोखिम समूह वाले लोगों को कोरोना वैक्सीन देना शुरू कर दिया था। हालांकि चीनी वैक्सीन के अंतिम चरण के ट्रायल का परिणाम सामने नहीं आया है। मालूम हो कि लंबे वक्त तक वैक्सीन इस्तेमाल के लिए फेज-3 ट्रायल पूरा किए जाने की जरूरत होती है।
बता दें कि चीन में तीन वैक्सीन कैंडिडेट को आपातकालीन इस्तेमाल की अनुमति दी गई है। इनमें सिनोवैक, सीएनबीजी और कैनसिनो बायोलॉजिकल कंपनी की वैक्सीन शामिल हैं। कैनसिनो कंपनी की वैक्सीन को चीनी मिलिट्री के इस्तेमाल की अनुमति दी गई है।