चीन में रहने वाले लाखों उइगर मुसलमानों को हर रोज 'ड्रैगन' के अत्याचार और शोषण का शिकार होना पड़ रहा है। लीक हुए एक गोपनीय दस्तावेज में खुलासा हुआ है कि चीन ने लाखों उइगर मुसलमानों को हिरासत में ले रखा है।
अमेरिकी मीडिया में लीक हुए दस्तावेज के मुताबिक चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उइगर मुस्लिमों पर बिल्कुल भी दया नहीं दिखाने के निर्देश दिए हैं। पिछले तीन साल में शिनजियांग प्रांत में लाखों मुस्लिम या तो हिरासत में ले लिए गए या फिर जेल में ठूंस दिए गए।
करीब 4000 पन्नों की इस रिपोर्ट में सीधे तौर पर जिनपिंग द्वारा आदेश देने की बात नहीं की गई है। हालांकि, इसमें इनके तेजी से फैलने और इन्हें जल्द से जल्द खत्म करने की बात कही गई है। चीन के ही एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा लीक किए गए इन दस्तावेजों में यह भी दावा किया गया है कि बीजिंग इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ है कि इसके लिए उसे आलोचना झेलनी होगी।
संयुक्त राष्ट्र भी इस संबंध में पहले चिंता जता चुका है। उसके अनुसार 10 लाख से ज्यादा उइगर मुस्लिम या अल्पसंख्यक लोगों को हिरासत में रखा गया है।
सामने आया चीन का दोहरा मापदंड
इस दस्तावेज में आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में चीन का दोहरा मापदंड भी सामने आया। 2014 में चाकू से किए गए हमले के बाद से ही चीन ने अल्पसंख्यकों के दमन की प्रकिया शुरू कर दी थी। मगर भारत में मोस्ट वॉन्टेड मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने के मामले में वह लगातार रोड़े अटकाता रहता है।