चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप को सीधा संदेश देते हुए कहा कि चीन कभी किसी दबाव में नहीं आता और न ही किसी से डरता है। चीन का उदय अब कोई नहीं रोक सकता। यह बयान उन्होंने बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन के साथ मंच साझा करते हुए दिया।
तियानानमेन स्क्वायर में 50,000 से ज्यादा लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए शी ने चेतावनी दी, 'आज दुनिया शांति या युद्ध, बातचीत या टकराव और साझा जीत या जीरो-सम गेम के बीच चुनाव के मोड़ पर खड़ी है।' जीरो-सम गेम का मतलब- एक पक्ष को जितना फायदा होता है, दूसरे पक्ष को उतना ही नुकसान होता है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन के लोग इतिहास के सही पक्ष में मजबूती से खड़े हैं।
ये भी पढ़ें:
'हार्ले डेविडसन भारत में नहीं बेच पाए...', राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोबारा लगाया ऊंचे टैरिफ का आरोप
लिमोजीन (खुले टॉप वाली कार) में सवार होकर दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के नेता जिनपिंग ने सैन्य टुकड़ियों और मिसाइल, टैंक और ड्रोन जैसे आधुनिक हथियारों का निरीक्षण किया। आसमान में हेलिकॉप्टर्स ने बैनर लहराए और लड़ाकू विमानों ने शानदार उड़ानें भरीं।
सैन्य परेड में कई विदेशी नेता हुए शामिल
करीब सत्तर मिनट तक चले इस प्रदर्शन का समापन 80 हजार सफेद कबूतरों और रंग-बिरंगे गुब्बारों की उड़ान के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में दो दर्जन से अधिक विदेशी नेता शामिल हुए, जो अमेरिका के साथ टैरिफ विवाद के बीच चीन से करीबी संबंध बनाना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें:
'ऐसे लोगों पर नहीं लागू कर सकते कानून'; एलियन एनिमीज एक्ट 1798 के इस्तेमाल पर ट्रंप को संघीय अदालत से झटका
इस समारोह में सबसे ज्यादा नजर पुतिन, किम जोंग उन और ईरान के राष्ट्रपति पर थी। समारोह की शुरुआत में शी जिनपिंग के साथ पुतिन और किम दोनों की मौजूदगी ने अमेरिका के नेतृत्व वाली विश्व व्यवस्था को सीधी चुनौती देने का संकेत दिया। सैन्य परेड में दस हजार से अधिक सैनिक और सैकड़ों आधुनिक हथियार शामिल थे, जिसके जरिए शी जिनपिंग के नेतृत्व में चीन की बढ़ती सैन्य ताकत और आधुनिकीकरण अभियान को दिखाया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर निशाना साधते हुए शी जिनपिंग, पुतिन और किम पर अमेरिका के खिलाफ साजिश करने का आरोप लगाया।ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने चीन की आजादी के लिए जो खून-पसीना बहाया, उसे शी जिनपिंग कभी याद करेंगे या नहीं? कई अमेरिकियों ने चीन की जीत और गौरव के लिए अपनी जान दी थी। उन्होंने आगे लिखा, उम्मीद है कि उन्हें सही सम्मान मिलेगा और उनकी बहादुरी को याद किया जाएगा। शी और चीन की जनता को इस उत्सव की शुभकामनाएं। ट्रंप ने आगे तंज कसते हुए लिखा, कृपया व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं, क्योंकि आप अमेरिका के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।